बिहार के सहरसा जिले से बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. यहां रहस्यमय तरीके से लापता हुईं पांच नाबालिग लड़कियां सुरक्षित मिल गई हैं. इन सभी बच्चियों को यूपी की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया है.
दरअसल, सहरसा के नौहट्टा नगर पंचायत क्षेत्र की ये पांचों लड़कियां 27 फरवरी की सुबह घर के पास बहियार में घास काटने के लिए निकली थीं. लेकिन शाम तक उनके वापस न लौटने से परिवार में हड़कंप मच गया. एक साथ पांच बच्चियों के गायब होने की खबर से सनसनी फैल गई. परिजन लगातार उनकी तलाश में जुट गए.
काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चियों का सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की. मामले की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस ने तुरंत एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और बच्चियों की तलाश शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: चार नाबालिग लड़कियां लापता... कई दिनों बाद भी नहीं लगा कोई सुराग, परिजनों को सता रहा इस बात का डर
जांच के दौरान पुलिस ने अनुमान लगाया कि बच्चियां किसी तरह रेलवे मार्ग से बाहर जा सकती हैं. इसके बाद सभी संभावित रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी किया गया और रेलवे पुलिस (RPF) व जीआरपी को तस्वीरें और डिटेल भेजी गई.
इसी कड़ी में 28 फरवरी की रात लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर टीटीई, रेलकर्मियों, आरपीएफ और जीआरपी की सतर्कता से इन पांचों बच्चियों को पहचान लिया गया. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया.
सहरसा पुलिस टीम लखनऊ के लिए रवाना
इस बारे में खबर मिलते ही सहरसा पुलिस टीम उसी रात लखनऊ के लिए रवाना हो गई, ताकि बच्चियों को वापस लाया जा सके. डीएसपी केपी सिंह ने कहा कि पुलिस समन्वय बनाकर काम कर रही थी, जिसका नतीजा है कि बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया गया.
बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया और राहत की सांस ली. बड़ा सवाल यह है कि घर के पास घास काटने निकली बच्चियां आखिर लखनऊ कैसे पहुंच गईं. पुलिस का कहना है कि बच्चियों के सहरसा लौटने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके.