बिहार के रोहतास जिले के डेहरी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, क्योंकि मृतक के बेटे की शादी कुछ ही दिनों बाद होने वाली थी.
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं. 10 मई को बेटे का तिलक आने वाला था, जबकि 12 मई को शादी तय थी. घर में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सबकुछ बदल दिया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
बताया जा रहा है कि नंदकिशोर यादव अपने मवेशियों को लेकर खेत की तरफ गए हुए थे. इसी दौरान मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से नंदकिशोर गंभीर रूप से झुलस गए.
मौके पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. गांव में भी मातम का माहौल बन गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर अकोढ़ीगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.