बिहार के मुंगेर में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को अपनी पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामला मुंगेर के सफिया सराय थाना क्षेत्र का है, जहां शनिवार देर शाम एक किराए के मकान में सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली से मधु कुमारी की मौत हो गई. घटना के बाद शुरुआती तौर पर आत्महत्या की बात सामने आई, लेकिन मृतका के परिवार ने इसे हत्या बताया और सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए.
पुलिस ने तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका का परिवार समस्तीपुर जिले के विधान थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि आरोपी चंदन कुमार बेतिया के रहने वाले हैं. परिजनों ने मुंगेर के शवदाह गृह में मधु का अंतिम संस्कार कर दिया.
यह भी पढ़ें: मुंगेर: भतीजी ने समलैंगिक संबंध बनाने से मना किया तो बुआ ने कर दी हत्या, पहले भी कई महिलाओं को बना चुकी है शिकार
मृतका के पिता रंजीत कुमार के बयान के आधार पर सफिया सराय थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
प्रेम विवाह से शुरू हुई कहानी
परिजनों के अनुसार, मधु और चंदन के बीच पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध स्थापित हुआ था. मधु के लगातार समझाने के बाद परिवार इंटरकास्ट मैरेज के लिए राजी हुआ और 7 फरवरी 2025 को दोनों की शादी कर दी गई.
शादी के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि बरियारपुर थाना में तैनाती के दौरान चंदन का एक महिला सब इंस्पेक्टर से संबंध हो गया था. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा. मधु लगातार चंदन से उस महिला से दूरी बनाने की बात कहती थी, जिससे झगड़े बढ़ते गए.
कुछ महीने पहले महिला सब इंस्पेक्टर का दूसरे थाना में ट्रांसफर हो गया, जबकि चंदन को बरियारपुर से हटाकर सफिया सराय थाना में पोस्टिंग दी गई. करीब तीन महीने पहले मधु मायके से आकर सफिया सराय में रहने लगी थी और घटना से दस दिन पहले घर जाकर फिर वापस लौटी थी.
विवाद के बाद हुई घटना, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद देर शाम गोली चलने की घटना सामने आई. परिवार का आरोप है कि महिला सब इंस्पेक्टर से संबंधों के कारण चंदन ने अपनी पत्नी को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी.
मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यह दहेज हत्या का मामला है और आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
इस मामले में मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने फोन पर जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर चंदन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पिता के बयान पर दहेज हत्या एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
सर्विस रिवॉल्वर जब्त, एफएसएल जांच जारी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सर्विस रिवॉल्वर को जब्त कर लिया है और एफएसएल टीम ने सभी साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. परिजन जिस महिला सब इंस्पेक्टर पर अवैध संबंध का आरोप लगा रहे हैं, उसकी भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि मधु और चंदन के बीच करीब 11 साल पुराना प्रेम संबंध था. अलग-अलग जाति होने के कारण शुरुआत में परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन नौकरी लगने के बाद मधु ने परिवार को राजी कर लिया और शादी हुई.
परिजनों के आरोप हैं कि नौकरी के बाद चंदन का व्यवहार बदल गया और वह मधु पर नौकरी करने का दबाव बनाता था. अब पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.