सऊदी अरब के रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हूती हमलों की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निंदा की है. ट्रंप ने इन हमलों को 'भयानक घटना' करार दिया है. वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इन हमलों पर दुख जताया है.
इससे पहले दिन में, राष्ट्रपति ट्रंप ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि अमेरिका इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या वो हूती ठिकानों पर सऊदी अरब के हमलों में शामिल होगा या नहीं.
रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में इन हमलों को 'निंदनीय' बताया. उन्होंने ये भी पुष्टि की कि इन हमलों में मरने वाले लोगों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है.
हमलों में एक अमेरिकी नागरिक की भी मौत
वहीं, रूबियो ने एक्स पर लिखा, 'यूनाइटेड स्टेट्स सऊदी अरब पर आतंकवादी हूतियों के हाल के हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिसमें आज रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ हमला भी शामिल है, जिसमें एक अमेरिकी नागरिक समेत कई बेगुनाह लोगों की जान चली गई.
उन्होंने आगे लिखा, 'ये घिनौने हमले बेगुनाह आम लोगों की जान की खुली अनदेखी दिखाते हैं. इन्हें अब रुकना चाहिए. हम सऊदी अरब और उसके लोगों के साथ खड़े हैं और पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए अपनी संवेदनाएं जताते हैं.'
ईरान को ट्रंप ने बताया 'पागल देश'
वहीं, ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने तंज कसा और उसे एक 'पागल देश' करार दिया. ट्रंप ने कहा, 'वो एक पागल देश हैं. वो ये बात अच्छी तरह जानते हैं. मैं उन्हें ये बात लगातार कहता रहता हूं. मैं उनसे कहता हूं कि तुम लोग पूरी तरह से पागल हो.'
गुटेरेस ने भी निंदा
UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी हूती हमलों की निंदा की है. उन्होंने कहा, 'सऊदी अरब के रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को हूतियों के जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हैं.'
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों में 12 की मौत
बता दें कि सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने रविवार को एक बयान जारी कर बताया कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई. वहीं, इस हमले में 309 लोग घायल भी हुए हैं. प्राधिकरण ने बताया कि प्रभावित लोगों का इलाज किया जा रहा है और संपत्ति को पहुंचे नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला, अमेरिकी समेत 12 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल
हालांकि हूतियों ने अब तक रियाद एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है. लेकिन हूती लगातार सऊदी अरब पर मिसाइलें दाग रहा है. इससे पहले इस हफ्ते हुए दो हमलों की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही ली थी.
aajtak.in