खाड़ी क्षेत्र में कुछ समय से बनी शांति एक बार फिर खतरे में दिखाई दे रही है. अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान और ओमान को सख्त चेतावनी जारी की है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने साफ कहा है कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर किसी भी तरह का टोल सिस्टम लागू करने या उसे सहयोग देने वाले देश, कंपनी या व्यक्ति पर अमेरिका आर्थिक प्रतिबंध लगाएगा. वहीं, दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता फाइनल हो चुका है, लेकिन इस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मंजूरी मिलना बाकी है
स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान देते हुए कहा कि अमेरिका होर्मुज में किसी भी टोलिंग सिस्टम को स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई पक्ष ईरान को इस तरह की व्यवस्था में मदद करता है तो उसे कड़े आर्थिक परिणाम भुगतने होंगे. बेसेंट ने सभी देशों से अपील की कि वे समुद्री व्यापार की स्वतंत्र आवाजाही में किसी भी तरह की बाधा डालने के प्रयासों को खारिज करें. अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस (Axios) के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच एक बड़ा शांति समझौता लगभग फाइनल हो चुका है. हालांकि, इस डील को पूरी तरह लागू करने के लिए अभी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मंजूरी मिलना बाकी है. एक तरफ जहां पर्दे के पीछे यह समझौता करीब पहुंच गया है, वहीं दूसरी तरफ होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव भी चरम पर है.
इस बयान में ओमान का नाम भी सामने आया है, जो अमेरिका का पारंपरिक साझेदार माना जाता है. अमेरिकी वित्त मंत्री ने संकेत दिया कि अगर कोई देश या पक्ष इस व्यवस्था में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होता है, तो उसे अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.
ट्रंप कैबिनेट की बैठक में ओमान को लेकर हुई तीखी चर्चा
यह पूरी बहस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद शुरू हुई, जो उन्होंने बुधवार को कैबिनेट की बैठक के दौरान दिया था. दरअसल, ईरान के सरकारी टेलीविजन पर एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें दावा किया गया कि तेहरान और ओमान मिलकर होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए एक सिस्टम पर बातचीत कर रहे हैं. ट्रंप ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ते पर किसी का भी कंट्रोल नहीं चलेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि ओमान को भी बाकी दुनिया की तरह अंतरराष्ट्रीय नियमों के दायरे में ही रहना होगा, वरना उसे इसके गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे. इसके अलावा, व्हाइट हाउस ने ईरान के सरकारी टीवी की इस रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठी कहानी बताया है. इस दौरान ट्रंप ने कहा कि होर्मुज अंतरराष्ट्रीय नौवहन नियमों के तहत हमेशा की तरह पूरी तरह खुला रहेगा और अमेरिका इस पर अपनी पैनी नजर बनाए रखेगा.
फिलहाल अमेरिका के इस सख्त रुख के बाद खाड़ी क्षेत्र में कूटनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.