scorecardresearch
 

नहीं मिल रहे टिकट... इस फैमिली ने FIFA वर्ल्ड कप के लिए खर्च किए लाखों, आखिरी उम्मीद बाक़ी

इंग्लैंड का एक परिवार वर्ल्ड कप का रोमांच महसूस करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर टोरंटो पहुंच रहा है. हालांकि मैचों के टिकट अब तक नहीं मिले हैं लेकिन उन्हें अब भी आखिरी उम्मीद है.

Advertisement
X
Nathan Richardson and his three sons
Nathan Richardson and his three sons

2026 FIFA World Cup का जुनून दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इसी जुनून में इंग्लैंड के पीटरबरो शहर के रहने वाले 60 वर्षीय नाथन रिचर्डसन अपने परिवार के साथ टोरंटो आने की तैयारी कर चुके हैं. खास बात यह है कि परिवार ने यात्रा पर करीब 10 हजार डॉलर (लगभग 7.3 लाख रुपये) खर्च कर दिए हैं, लेकिन उनके पास अब तक किसी भी मैच का टिकट नहीं है.

नाथन रिचर्डसन अपने 60वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए पत्नी और तीन बेटों के साथ 21 से 27 जून तक टोरंटो आने वाले हैं. उन्होंने बताया कि फ्लाइट, ठहरने और अन्य खर्चों पर पहले ही लगभग 10,000 डॉलर खर्च हो चुके हैं. इसके बावजूद वे अभी तक टोरंटो में होने वाले किसी भी वर्ल्ड कप मैच का टिकट नहीं खरीद पाए हैं.

रिचर्डसन का कहना है कि वे आखिरी समय में टिकट मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं, लेकिन अगर टिकट नहीं भी मिले तो उन्हें ज्यादा निराशा नहीं होगी. उन्होंने बताया कि 2006 में जर्मनी में हुए FIFA World Cup के दौरान भी उनके पास मैचों के टिकट नहीं थे, फिर भी फैन फेस्ट का अनुभव शानदार रहा था.

टिकट की कीमत बनी सबसे बड़ी बाधा

टोरंटो में होने वाले क्रोएशिया बनाम पनामा और सेनेगल बनाम इराक मुकाबलों के टिकट अभी FIFA के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, लेकिन ज्यादातर प्रीमियम सीटें ही बची हैं. इनकी कीमत लगभग 600 डॉलर (करीब 44 हजार रुपये) प्रति सीट या उससे अधिक है.

Advertisement

रिचर्डसन ने FIFA की टिकटिंग प्रणाली और डायनेमिक प्राइसिंग की आलोचना करते हुए कहा कि इससे आम फुटबॉल प्रशंसकों के लिए मैच देखना बेहद महंगा हो गया है.

अमेरिका छोड़ कनाडा को चुना

रिचर्डसन परिवार ने World Cup के लिए कनाडा को प्राथमिकता दी. उनका कहना है कि अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन नीतियों और वहां के माहौल को देखते हुए उन्होंने टोरंटो को चुना. उनके मुताबिक टोरंटो एक शानदार शहर है और यहां फुटबॉल के इतिहास का हिस्सा बनना अपने आप में खास अनुभव होगा.

परिवार ने स्कारबरो इलाके में एक Airbnb बुक किया है, जिस पर करीब 3,000 डॉलर खर्च हुए हैं.

फैन फेस्ट भी बना आकर्षण

मैचों के टिकट न मिलने के बावजूद परिवार FIFA Fan Festival में शामिल होने की योजना बना रहा है. हालांकि फैन फेस्ट के टिकट हासिल करना भी आसान नहीं रहा. शुरुआती दौर में उनके सभी पसंदीदा मैचों के लिए फैन फेस्ट टिकट खत्म हो गए थे, लेकिन बाद में शहर प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से टिकट जारी किए जाने के बाद उन्हें प्रवेश मिल गया.

फोर्ट यॉर्क और बेंटवे में आयोजित होने वाले इस फैन फेस्ट में लाइव मैच स्क्रीनिंग के अलावा फूड स्टॉल, संगीत कार्यक्रम और कई सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

"टोरंटो का माहौल ही काफी होगा"

Advertisement

रिचर्डसन का मानना है कि वर्ल्ड कप सिर्फ स्टेडियम के अंदर का अनुभव नहीं है. वे टोरंटो के पब, रेस्टोरेंट, फैन जोन और शहर के उत्सव जैसे माहौल का आनंद लेना चाहते हैं. उन्हें उम्मीद है कि इंग्लैंड और कनाडा दोनों टीमें अच्छा प्रदर्शन करेंगी और पूरा शहर फुटबॉल के रंग में रंगा नजर आएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement