पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बातचीत की. दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात, ईरान के साथ जारी कूटनीतिक बातचीत और तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा हुई.
कतर के अमीर के कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बातचीत में संकट का व्यापक समाधान निकालने के लिए संबंधित पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने के प्रयासों पर भी विचार किया गया.
कतर के अमीर और अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों और आपसी सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की. इसके साथ ही पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रम की समीक्षा की गई. बातचीत का प्रमुख केंद्र क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर रहा.
ईरान के साथ बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा कतर
कतर इस समय ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक संपर्क बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहा है. बातचीत के दौरान ट्रंप और कतर के अमीर ने संबंधित पक्षों को करीब लाने और संकट के व्यापक समाधान के लिए वार्ता को आगे बढ़ाने में कतर के प्रयासों पर चर्चा की.
यह भी पढ़ें: 7 शर्तें नहीं मानीं तो होर्मुज नहीं खुलेगा! ईरान ने अमेरिका को भेजा नया परमाणु प्रपोजल
कतर के अमीर ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए संवाद और कूटनीतिक समाधान का रास्ता अपनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए ही संकट का स्थायी समाधान तलाशा जा सकता है.
समुद्री रास्तों और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा पर भी चर्चा
फोन पर हुई बातचीत में समुद्री मार्गों से आवाजाही की स्वतंत्रता और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा. दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री नौवहन को सुरक्षित बनाए रखने और ऊर्जा आपूर्ति में किसी तरह की बाधा रोकने के महत्व पर चर्चा की.
पश्चिम एशिया में तनाव का असर समुद्री व्यापार और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने की आशंका के बीच यह मुद्दा खास अहमियत रखता है. ऐसे में अमेरिका और कतर के बीच हुई यह बातचीत क्षेत्रीय तनाव कम करने के लिए जारी कूटनीतिक कोशिशों का हिस्सा मानी जा रही है.