देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2027 (JEE Main 2027) में शामिल होने का सपना देख रहे छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से एक जरूरी और राहत भरी खबर सामने आई है. खासकर उन एनआरआई (नॉन-रेजिडेंट इंडियन) उम्मीदवारों के लिए जिनकी पहचान दस्तावेजों (ID प्रूफ) को लेकर मुश्किलें आ रही थीं, NTA ने नियमों में बड़ी फ्लैक्सिबिलिटी दी है.
अब एनआरआई उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान अपने पासपोर्ट को वैध पहचान प्रमाण के रूप में इस्तेमाल कर सकेंगे. एजेंसी ने यह स्पष्टीकरण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक उम्मीदवार के सवाल का जवाब देते हुए दिया है.
क्यों पड़ी इस स्पष्टीकरण की जरूरत?
रजिस्ट्रेशन के दौरान कई एनआरआई छात्रों के सामने यह समस्या आ रही थी कि उनके पास देश में आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले पहचान पत्रजै जैसे कि आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में वे समझ नहीं पा रहे थे कि फॉर्म कैसे भरें. एक उम्मीदवार ने जब NTA से इस बारे में सवाल पूछा, तो एजेंसी ने साफ किया कि वे बिना किसी परेशानी के अपने पासपोर्ट का उपयोग करके आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
JEE Main 2027 सेशन 1: जरूरी तारीखें और शेड्यूल
अगर आप या आपका कोई परिचित इस परीक्षा के लिए आवेदन करने की सोच रहा है, तो NTA द्वारा जारी किया गया यह पूरा शेड्यूल जरूर ध्यान रखें.
रजिस्ट्रेशन शुरू होने की तिथि: 24 अक्टूबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया चल रही है.
बिना लेट फीस के आवेदन की अंतिम तारीख: 22 नवंबर 2026 तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फॉर्म भरे जा सकते हैं.
लेट फीस के साथ रजिस्ट्रेशन: 23 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक लेट फीस के साथ आवेदन का मौका मिलेगा.
एप्लीकेशन करेक्शन विंडो: 27 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक फॉर्म में सुधार (Correction) किया जा सकेगा.
परीक्षा की तारीखें: NTA द्वारा जेईई मेन 2027 सेशन 1 का आयोजन 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को किया जाएगा.
उम्मीदवारों के लिए खास सलाह
NTA की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर उम्मीदवार समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें. फॉर्म भरते वक्त सभी जानकारियों को सावधानीपूर्वक जांच लें और सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज का प्रिंटआउट या पीडीएफ सुरक्षित अपने पास जरूर रख लें, ताकि आगे किसी भी दिक्कत से बचा जा सके.