scorecardresearch
 

'शुक्र है कि इस पर कोई कॉपीराइट नहीं...', PM मोदी की तारीफ में बोले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के सामने यह स्वीकार करना चाहता हूं कि मैं आपके राजनीतिक जीवन और कार्यों को लंबे समय से देखता रहा हूं और मैंने आपके कई कार्यक्रमों की नकल की है.

Advertisement
X
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने की पीएम मोदी की तारीफ. (Photo: Screenshot)
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने की पीएम मोदी की तारीफ. (Photo: Screenshot)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय इंडोनेशिया के राजकीय दौरे पर हैं. इस दौरान मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता में पीएम मोदी के सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी की. यहां उन्होंने स्वीकार किया कि वह पीएम मोदी के कार्यक्रमों और योजनाओं की कॉपी करते हैं. 

इस दौरान पीएम मोदी प्रधानमंत्री मोदी उनके बगल में बैठे थे, तभी सुबियांतो ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें खुशी है कि भारतीय प्रधानमंत्री की योजनाओं पर कोई कॉपीराइट नहीं है. उनकी इस टिप्पणी पर समारोह में मौजूद सभी लोग खिलखिलाकर हंस पड़े.

प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के सामने यह स्वीकार करना चाहता हूं कि मैं आपके राजनीतिक जीवन और कार्यों को लंबे समय से देखता रहा हूं और मैंने आपके कई कार्यक्रमों की नकल की है.

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने में कोई झिझक नहीं है. उनका मानना है कि भारत और इंडोनेशिया की विकास संबंधी चुनौतियां काफी हद तक एक जैसी हैं. ऐसे में जिन योजनाओं ने भारत जैसे विशाल देश में करोड़ों लोगों का जीवन बेहतर बनाया है, वे इंडोनेशिया के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि अगर कोई योजना भारत जैसे देश में, जहां लोगों की पृष्ठभूमि और समस्याएं हमारे जैसी हैं, करोड़ों लोगों के लिए सफल हो सकती है, तो उसे अपनाने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए. भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है इसीलिए मैं खुलेतौर पर स्वीकार करता हूं कि मैं आपके काम को देखता हूं और आपके कई कार्यक्रमों को अपनाता हूं. ये हमारे लिए भी सफल साबित हो रहे हैं. इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि भारत और इंडोनेशिया ने स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं. इनमें दक्षिण-पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) बेंगलुरु का पहला विदेशी परिसर स्थापित करने का समझौता भी शामिल है.

आईआईएम बेंगलुरु का यह परिसर इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत स्थित सिंगहासारी स्पेशल इकोनॉमिक जोन में स्थापित किया जाएगा. इससे पहले आईआईएम अहमदाबाद ने पिछले साल दुबई में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय परिसर शुरू किया था. स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (सीडीएससीओ) और इंडोनेशिया की नेशनल एजेंसी ऑफ ड्रग एंड फूड कंट्रोल के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.

ये समझौते प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान हुए लगभग एक दर्जन द्विपक्षीय समझौतों का हिस्सा हैं. इनमें रक्षा सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स, समुद्री सुरक्षा और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने से जुड़े समझौते भी शामिल हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement