पाकिस्तान सरकार ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए 7 अप्रैल से कई प्रतिबंध लागू करने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि सिंध को छोड़कर देशभर में बाजार, दुकानें और शॉपिंग मॉल रात 8 बजे तक बंद कर दिए जाएंगे.
इसके अलावा खाने-पीने के प्रतिष्ठान और शादी समारोह भी रात 10 बजे तक बंद करने का फैसला लिया गया है. इस दौरान केवल मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को छूट दी गई है.
पाकिस्तान ने पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र, गिलगित-बाल्टिस्तान और आजाद जम्मू और कश्मीर में बाजारों, दुकानों और शॉपिंग मॉल को रात 8 बजे बंद करने का निर्णय लिया है.
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि खैबर पख्तूनख्वा के संभागीय मुख्यालयों में स्थित बाजार, दुकानें और शॉपिंग मॉल रात 9 बजे तक खुले रहेंगे.
यह फैसला प्रांतीय सरकार से परामर्श के बाद लिया गया है. दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, डिपार्टमेंटल स्टोर और सभी प्रकार के मॉल भी रात 8 बजे बंद हो जाएंगे.
साथ ही बैठक में यह फैसला लिया गया कि बेकरी, रेस्तरां, तंदूर और अन्य भोजनालय रात 10 बजे बंद रहेंगे. विवाह हॉल, टेंट और अन्य व्यावसायिक स्थल जहां शादियां होती हैं, वे भी रात 10 बजे के बाद बंद रहेंगे.
इसके अलावा, निजी संपत्तियों और घरों में रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा. मेडिकल दुकानों के खुलने का समय इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेगा. बैठक में लिए गए यह फैसले 7 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे.
ट्रंप ने दी पूरे देश को खत्म करने की धमकी
अमेरिका-इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद से ही भयानक जंग जारी है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी जंग अच्छी चल रही है. अमेरिकी सेना पूरे देश को एक ही रात में खत्म कर सकती है.
ट्रंप ने इस दौरान ईरान में क्रैश हुए फाइटर जेट F-15 के पायलट को बचाने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन को ऐतिहासिक करार दिया. ट्र्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना को आदेश दिया गया था कि अपने जवानों को सुरक्षित वापस लाने के लिए जो जरूरी हो वो किया जाए.