न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने ऐतिहासिक कोहिनूर हीरे को भारत वापस दिलाने की वकालत की है. किंग चार्ल्स तृतीय की अमेरिका यात्रा के दौरान ममदानी ने स्पष्ट किया कि यदि उन्हें निजी मुलाकात का अवसर मिलता है तो वह ब्रिटिश सम्राट से इस बेशकीमती हीरे को भारत को सौंपने की अपील करेंगे. ममदानी का ये बयान 11 सितंबर के हमलों के पीड़ितों की याद में आयोजित एक कार्यक्रम से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आया है.
ममदानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कहा कि वह ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय को ऐतिहासिक कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे. हालांकि, ये मुद्दा आधिकारिक एजेंडा का हिस्सा नहीं था, लेकिन अगर उन्हें निजी तौर पर मिलने का मौका दिया जाता तो वह इसे जरूर उठाते.
उन्होंने ये भी कहा कि अगर मुझे राजा से अलग से बात करनी होती तो मैं शायद उन्हें कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करता.
ममदानी की ये टिप्पणी भारत की ओर से हीरे की वापसी की लंबे वक्त से चली आ रही मांगों के बीच आई हैं, जिसे ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान 1849 में पंजाब के महाराजा दुलीप सिंह से लिया गया था. उसके बाद ये ब्रिटिश क्राउन ज्वेल्स का हिस्सा बन गया और वर्तमान में लंदन के टावर ऑफ लंदन में रखा हुआ है. इसे बेकीमती हीरे को महारानी एलिजाबेथ द क्वीन के मुकुट पर भी सजाया गया था.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ममदानी ने 9/11 स्मारक कार्यक्रम में किंग चार्ल्स से मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच कुछ पल के लिए बातचीत भी हुई, लेकिन ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि उस संक्षिप्त चर्चा में कोहिनूर का विषय उठा या नहीं.
बता दें कि किंग चार्ल्स इन दिनों अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर हैं, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं.