
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की मौत की अफवाहों के बीच देश की सरकारी मीडिया ने उनकी तस्वीरें जारी की हैं. इन तस्वीरों में किम एक प्रदर्शनी में नजर आ रहे हैं. इससे उनकी मौत, कोमा में जाने या गंभीर बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती होने के दावों को खारिज किया गया है.
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) का कहना है कि, किम जोंग उन सोमवार को प्योंगयांग में आयोजित राष्ट्रीय परिधान और फुटवियर प्रदर्शनी-2026 में पहुंचे थे. इस दौरान उनकी पत्नी और बेटी भी उनके साथ थीं. सरकारी मीडिया ने मंगलवार को उनके विजिट की जानकारी दी. इसके साथ ही उनकी तस्वीरें भी शेयर की.
ब्रेन हेमरेज से मौत की उड़ी थी अफवाह
दरअसल, किम जोंग उन की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे थे. कुछ पोस्ट में कहा गया कि ब्रेन हेमरेज के कारण उनकी मौत हो गई है. वहीं, कुछ दावों में उनके कोमा में जाने या गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट होने की बात कही गई. यह भी दावा किया गया कि उन्हें इलाज के लिए चीन की राजधानी बीजिंग ले जाया गया है.
ये दावे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैलने की बात सामने आई है. इसके बाद दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी इन्हें शेयर किया जाने लगा. कुछ टैब्लॉयड मीडिया संस्थानों ने भी इन खबरों को दोहराया. हालांकि, इन दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया था.

प्रदर्शनी में पहुंचे किम, उद्योग की तारीफ की
KCNA की रिपोर्ट के मुताबिक, किम जोंग उन ने राष्ट्रीय परिधान और फुटवियर प्रदर्शनी का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने देश के हल्के उद्योग के विकास की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हो रहा विकास लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर रहा है.
किम ने उन फैक्ट्रियों का भी जिक्र किया, जिन्हें उनके '20×10' क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत बनाया गया है. इस योजना का मकसद ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की जीवन स्थितियों में सुधार करना है. इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है.

किम की तस्वीरें ऐसे समय पर जारी की गई हैं, जब उनकी सेहत और मौजूदगी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वह प्रदर्शनी में शामिल हुए और वहां की गतिविधियों का जायजा लिया. हालांकि, तस्वीरें जारी होने से सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बीच उनकी सार्वजनिक मौजूदगी का संकेत मिला है.