जंग से जूझ रहे पश्चिम एशिया से एक और अच्छी खबर आई है. लेबनान और इजरायल ने 10 दिनों के संघर्षविराम का ऐलान किया है. इस सीजफायर की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस सीजफायर की घोषणा करते हुए कहा कि अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ ऑन और इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई. इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए औपचारिक रूप से 10 दिनों के युद्धविराम की शुरुआत करेंगे. अमेरिकी समय के अनुसार ये युद्धविराम शाम 5 बजे से लागू होगा.
ये सीजफायर की घोषणा तब हुई है जब इजरायली हमले में मरने वाले लेबनानियों की संख्या 2196 हो गई है.
ट्रंप ने कहा कि मंगलवार को 34 वर्षों में पहली बार दोनों देशों के प्रतिनिधि यहां वाशिंगटन डीसी में हमारे विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिले. मैंने उपराष्ट्रपति JD Vance और विदेश मंत्री रूबियो को 'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' के चेयरमैन के साथ मिलकर इजरायल और लेबनान के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि एक स्थायी शांति स्थापित की जा सके.
ट्रंप ने कहा कि वे इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ ऑन को व्हाइट हाउस में आमंत्रित करूंगा. यह 1983 के बाद से इजरायल और लेबनान के बीच पहली सार्थक बातचीत होगी. दोनों पक्ष शांति चाहते हैं और मेरा मानना है कि ऐसा होगा और वह भी बहुत जल्द.
जल्द से जल्द संघर्ष रोका जाए- लेबनान
वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ ऑन के कार्यालय ने एक्स में एक पोस्ट पर लिखा कि आज दोपहर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच फोन पर बातचीत हुई. इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति आउन ने लेबनान में संघर्ष-विराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए एक बार फिर उनका आभार व्यक्त किया; इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है. उन्होंने कामना की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके. ट्रंप ने राष्ट्रपति आउन और लेबनान के प्रति अपने समर्थन को दोहराया है और इस बात पर ज़ोर दिया कि वे लेबनान की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
इजरायली हमले में लेबनान में तबाही
इस बीच इजरायल की ओर से लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले की वजह से लेबनान में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि इज़राइली हमलों में मारे गए लेबनानी नागरिकों की कुल संख्या बढ़कर 2,196 हो गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 2 मार्च को इज़रायल और हिज़्बुल्लाह के बीच ताज़ा युद्ध शुरू होने के बाद से मारे गए लोगों में 260 महिलाएं और 172 बच्चे शामिल हैं. इसके अलावा 7,185 लोग घायल हुए हैं.
इज़रायल की ओर से यह ताज़ा सैन्य कार्रवाई तब शुरू हुई, जब हिज़्बुल्लाह ने अपने मुख्य सहयोगी और संरक्षक ईरान के साथ एकजुटता दिखाते हुए उत्तरी इज़रायल की ओर रॉकेट दागे.
लेबनान और इज़रायल ने मंगलवार को सीधी बातचीत शुरू की, जो 1993 के बाद अपनी तरह की पहली बातचीत है. लेबनान को उम्मीद है कि इन बातचीत से युद्ध समाप्त हो सकता है.