scorecardresearch
 

लंदन में भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या, घटना की जांच में जुटी पुलिस

लंदन में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. साउथॉल इलाके में हुए इस हमले के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से छह को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है.

Advertisement
X
लंदन के साउथहॉल में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. (Photo: ITG)
लंदन के साउथहॉल में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. (Photo: ITG)

लंदन में भारतीय मूल के एक 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मामले में प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज रखने वाले लोगों से आगे आने की अपील की है. मृतक की पहचान गुरभेज सिंह के रूप में हुई है. उन पर साउथॉल इलाके में नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास हमला किया गया था. 

इस घटना में एक अन्य व्यक्ति, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, घायल हुआ था. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई. मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, लंदन एम्बुलेंस सर्विस से बुधवार तड़के सूचना मिलने के बाद पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे. गुरभेज सिंह को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन चाकू के गंभीर घाव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

पुलिस की गवाहों से आगे आने की अपील

मेट्रोपॉलिटन पुलिस के स्पेशलिस्ट क्राइम कमांड की डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने कहा कि हत्या की परिस्थितियों की जांच जारी है. उन्होंने कहा, 'गुरभेज सिंह की दुखद मौत की जांच हमारे होमिसाइड डिटेक्टिव्स कर रहे हैं. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं.' फॉक्सवेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन पर स्थित एक दुकान के बाहर गुरभेज सिंह पर हमला किया गया था. उन्होंने कहा, 'जिस किसी के पास इलाके की सीसीटीवी फुटेज हो या जो घटना के समय वहां मौजूद रहा हो और अभी तक पुलिस से बात नहीं की हो, वह कृपया आगे आए और जांच में सहयोग करे.'

Advertisement

सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके से 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के सात लोगों को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, आगे की जांच के बाद छह लोगों को बिना किसी कार्रवाई के रिहा कर दिया गया है. वहीं सातवें व्यक्ति को जमानत पर छोड़ा गया है और जांच के तहत उसे बाद में फिर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि गुरभेज सिंह के परिवार को विशेष अधिकारी सहायता प्रदान कर रहे हैं. जांचकर्ता मामले से जुड़े सबूतों और गवाहों की तलाश में जुटे हैं ताकि इस घातक हमले के पीछे की पूरी घटना का पता लगाया जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement