भारत ने उमरा पर सऊदी अरब जा रहे जायरीनों को खास सलाह दी है. ये सलाह सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हूती हमलों को देखते हुए दी गई है. सऊदी अरब में भारत के दूतावास ने कहा है कि सऊदी अरब पर हो रहे हमले को देखते हुए यात्रियों को लंबे समय तक ठहरना पड़ सकता है, क्योंकि हमले की वजह से फ्लाइट कैंसिल हो रही है.
भारत ने शुक्रवार को सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को एक बार फिर सलाह दी है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर ही रहें.
रियाद में भारतीय दूतावास ने अपनी एक अपडेटेड एडवाइजरी में बताया कि 10 अक्टूबर को हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए दो भारतीय नागरिक अभी भी इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में हैं, जबकि एक नागरिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में है और तीन अन्य सामान्य वार्ड में भर्ती हैं.
दूतावास के अनुसार रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ानों के लिए बंद है. वहीं, दम्मम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डे चालू हैं, हालांकि वहां भी उड़ानों में कुछ रुकावटें आ रही हैं.
भारत के दूतावास ने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों को तुरंत वहां से निकलना है, वे बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते जाने पर विचार कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें जरूरी वीजा मिल जाए.
दूतावास ने उन लोगों को भी सलाह दी है जो सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे हैं. इनमें उमरा के लिए जाने वाले लोग भी शामिल हैं. भारतीय दूतावास ने कहा कि यात्री सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर चल रही अव्यवस्था और उड़ानों के रद्द होने की आशंका को ध्यान में रखें. इसकी वजह से उन्हें वहां लंबे समय तक रुकना पड़ सकता है.
उमरा इस्लाम धर्म में मक्का स्थित काबा की एक पवित्र तीर्थयात्रा है. इसे वर्ष में किसी भी समय किया जा सकता है, जबकि हज वर्ष में केवल एक बार एक निश्चित समय पर होता है.
दूतावास ने कहा, "मौजूदा हालात को देखते हुए, सभी भारतीय नागरिकों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते रहना चाहिए. हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर ही रहें. साथ ही, जो घटनाएं हो रही हैं, उनसे जुड़ी किसी भी जानकारी, फोटो या वीडियो को रिकॉर्ड करने, पब्लिश करने या शेयर करने से बचें."
बता दें कि भारतीय एयरलाइंस ने सऊदी अरब आने-जाने वाली उड़ानों के कैंसिलेशन को आगे बढ़ा दिया है. एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 20 अक्टूबर तक सभी रूटों पर अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं.
एडवाइजरी के मुताबिक अकासा एयर ने रियाद के लिए 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए 21 अक्टूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं. वहीं इंडिगो ने सभी रूटों पर उड़ानों के निलंबन को 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है.
दूतावास ने शुक्रवार को जारी अपनी अपडेटेड एडवाइजरी में कहा, "सऊदी एयरलाइंस दम्मम, जेद्दा और मदीना से भारतीय शहरों के लिए अपनी निर्धारित उड़ानें संचालित कर रही है. फ्लाईनास दम्मम-लखनऊ रूट पर अपनी निर्धारित उड़ानें चला रही है."
इसमें यह भी बताया गया कि फ्लाईडील (Flydeal) ने 17-18 अक्टूबर के लिए दम्मम-मुंबई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है.