scorecardresearch
 

टिकट नहीं, फिर भी वर्ल्ड कप देखने टोरंटो पहुंचा परिवार, अब मिला यादगार सरप्राइज़

फीफा वर्ल्ड कप का जुनून लोगों को क्या-क्या नहीं करा देता. इंग्लैंड का एक परिवार भी करीब 10 हजार डॉलर खर्च कर टोरंटो पहुंच गया, जबकि उनके पास किसी भी मैच का टिकट नहीं था लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. मीडिया में आई खबर ने उनकी जिंदगी का ऐसा यादगार पल बना दिया, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी.

Advertisement
X
ब्रिटिश परिवार को मिला वर्ल्ड कप सरप्राइज
ब्रिटिश परिवार को मिला वर्ल्ड कप सरप्राइज

इंग्लैंड के पीटरबरो निवासी नाथन रिचर्डसन अपने परिवार के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का माहौल महसूस करने के लिए टोरंटो पहुंचे थे. उन्होंने फ्लाइट, होटल और अन्य इंतजामों पर करीब 10 हजार डॉलर खर्च किए, लेकिन मैच का टिकट उनके हाथ नहीं लग पाया. इसके बावजूद परिवार ने यात्रा रद्द नहीं की और तय किया कि वे फैन फेस्टिवल, पब और शहर में होने वाले आयोजनों के जरिए विश्व कप के रोमांच का हिस्सा बनेंगे.

रिचर्डसन की यह कहानी जब स्थानीय मीडिया में सामने आई तो किसी फिल्मी कहानी की तरह घटनाक्रम बदल गया. एक सुबह उनके फोन पर ऐसा मैसेज आया, जिस पर पहले तो उन्हें भरोसा ही नहीं हुआ. उन्हें लगा कि शायद कोई धोखाधड़ी हो रही है, लेकिन जल्द ही पता चला कि यह सच था. Airbnb ने उनकी कहानी पढ़ने के बाद परिवार को विश्व कप मैच के टिकट देने का फैसला किया था.

अब रिचर्डसन और उनका परिवार 26 जून को होने वाले सेनेगल और इराक के बीच मुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देख सकेंगे. यह सिर्फ एक मैच का टिकट नहीं, बल्कि एक ऐसे सपने के सच होने जैसा है जिसका इंतजार परिवार लंबे समय से कर रहा था.

इस सफर को और खास बनाता है परिवार का एक साथ होना. रिचर्डसन के मुताबिक उनके परिजन ब्रिटेन के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं और विश्व कप ने सभी को एक जगह इकट्ठा होने का मौका दिया है. उनका कहना है कि यह यात्रा अब सिर्फ फुटबॉल देखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि परिवार के साथ यादें बनाने का जरिया बन गई है.

Advertisement

Airbnb ने बताया कि उसने हाल ही में एक विशेष वर्ल्ड कप अभियान शुरू किया है, जिसके तहत कुछ चुनिंदा बुकिंग्स के साथ मुफ्त टिकट भी दिए जा रहे हैं. कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि जब उन्होंने रिचर्डसन परिवार की कहानी देखी तो उन्हें लगा कि इतनी दूर से सिर्फ माहौल का हिस्सा बनने आए इस परिवार को मैच देखने का अवसर जरूर मिलना चाहिए.

रिचर्डसन कहते हैं कि पूरे घटनाक्रम ने उन्हें भावुक कर दिया है. उनके लिए सबसे खास पल वह होगा जब पूरा परिवार एक साथ स्टेडियम की ओर बढ़ेगा. उन्होंने कभी किसी विश्व कप मैच को स्टेडियम के अंदर से नहीं देखा और अब पहली बार यह मौका मिलने जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement