scorecardresearch
 

फेसबुक लाइव, मृत्यु पर उपदेश, सिर पर गिरा क्रॉस... पादरी के मौत की पूरी कहानी

इक्वाडोर में मौत पर उपदेश देते हुए पादरी ने जिंदगी की नश्वरता और प्रभु के साथ वक्त बिताने की अहमियत बताई थी. लेकिन कुछ ही पलों बाद चर्च में लगा विशाल क्रॉस उनके सिर पर गिर पड़ा. यह दर्दनाक हादसा इक्वाडोर के ग्वायाकिल में लाइव प्रसारण के दौरान हुआ, जिसमें पादरी पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी की जान चली गई.

Advertisement
X
क्रॉस गिरने से पादरी की मौत हो गई. (Photo: Facebook/The Space Coast Rocket))
क्रॉस गिरने से पादरी की मौत हो गई. (Photo: Facebook/The Space Coast Rocket))

इक्वाडोर का एक चर्च. मॉस चल रहा था. पादरी जिंदगी और मौत की सच्चाई पर उपदेश दे रहे थे. उनका स्पीच चलता रहा. तभी कुछ ऐसा हुआ कि लोग स्तब्ध रह गए. पादरी के पीछे दीवार पर लगा एक विशाल लकड़ी का क्रॉस अचानक टूटकर उनके सिर पर गिर पड़ा. यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित हो रही थी। देखते ही देखते चर्च में चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालु पादरी की मदद के लिए दौड़ पड़े. लेकिन तबतक देर हो चुकी थी पादरी की मौत हो चुकी थी. 

यह घटना 17 अक्टूबर को इक्वाडोर के गुआयाकिल शहर स्थित आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में हुई. मृतक पादरी की पहचान फादर पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी के रूप में हुई है. गुआयाकिल के आर्चडायोसिस ने उनकी मौत की पुष्टि की और शोक व्यक्त किया. 

मौत पर उपदेश दे रहे थे पादरी

फादर सांचेज मोलिनारी चर्च में प्रार्थना सभा का संचालन कर रहे थे. इस दौरान वह श्रद्धालुओं को जिंदगी की अहमियत समझा रहे थे. उन्होंने कहा कि इंसान को अपना समय मोबाइल फोन पर बेवजह बिताने के बजाय ईश्वर और अपने परिवार के साथ बिताना चाहिए. 

उन्होंने उपदेश के दौरान कहा, “एक दिन यहां मौजूद हम सभी की भी मृत्यु होगी. कभी-कभी हम जिन चीजों पर अपना समय खर्च करते हैं, उनका उतना अर्थ नहीं होता, जितना ईश्वर के साथ बिताए गए समय का होता है.”

Advertisement

पादरी लोगों को जीवन की क्षणभंगुरता और अपने प्रियजनों के साथ समय बिताने का संदेश दे रहे थे. उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षण बाद वही बात उनकी जिंदगी का आखिरी उपदेश बन जाएगी. 

अचानक गिरा विशाल क्रॉस

उपदेश के बाद पादरी प्रार्थना कर रहे थे. वह खड़े होकर श्रद्धालुओं की ओर देख रहे थे. इसी दौरान उनके पीछे दीवार पर लगा भारी लकड़ी का क्रॉस अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और सीधे उनके सिर के पिछले हिस्से पर आ गिरा. 

लाइव प्रसारण में दिखा कि क्रॉस की चोट लगने के बाद पादरी जमीन पर गिर पड़े. वह दोबारा उठ नहीं सके. चर्च में मौजूद लोग घबरा गए. कुछ श्रद्धालु उनकी तरफ दौड़े, जबकि दूसरे मदद के लिए चिल्लाने लगे. प्रसारण में लोगों को यह कहते सुना गया, "फादर, फादर! एंबुलेंस बुलाओ!"

कुछ ही देर में आपातकालीन सहायता के लिए लोग पहुंचे, लेकिन पादरी को बचाया नहीं जा सका. अधिकारियों के मुताबिक, उसी दिन उनकी मौत की पुष्टि हो गई. 

यह प्रार्थना सभा पादरी के फेसबुक पेज पर लाइवस्ट्रीम की जा रही थी, जहां उनके 4,600 से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं. वीडियो में दिखता है कि सांचेज़ प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों की ओर मुड़े हुए हैं, तभी उनके पीछे दीवार पर टंगा एक बड़ा क्रूस उनके सिर के पिछले हिस्से पर आ गिरता है. वे ज़मीन पर गिर जाते हैं और फिर नहीं उठ पाते. 

Advertisement

चर्च ने जताया दुख, हादसे की वजह स्पष्ट नहीं

गुआयाकिल के आर्चडायोसिस ने पादरी की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में पादरी के रूप में सेवा दी थी. वह कॉन्ग्रिगेशन ऑफ द मोस्ट होली रिडीमर से जुड़े थे.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भारी क्रॉस दीवार से कैसे उखड़ा. क्या उसे लगाने में कोई तकनीकी खामी थी या दीवार अथवा उसके सहारे में कोई समस्या थी, इस बारे में चर्च प्रशासन ने सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है. स्थानीय अधिकारियों की ओर से भी घटना के कारणों पर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.

जिस सभा में पादरी लोगों को जिंदगी की नश्वरता का संदेश दे रहे थे, वहीं कुछ पलों बाद एक अप्रत्याशित हादसे ने उनकी जान ले ली. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement