scorecardresearch
 

ट्रंप ने फिर की रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की पेशकश, पुतिन से फोन पर की 90 मिनट बात

यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से लंबी बातचीत कर युद्ध समाप्त कराने में मदद की पेशकश की है. क्रेमलिन ने बातचीत को सकारात्मक बताया, जबकि यूक्रेन ने भी अमेरिकी पहल का स्वागत किया.

Advertisement
X
व्लादिमीर पुतिन (L), डोनाल्ड ट्रंप (M) और वलोदिमीर जेलेंस्की. (Photo: AFP)
व्लादिमीर पुतिन (L), डोनाल्ड ट्रंप (M) और वलोदिमीर जेलेंस्की. (Photo: AFP)

डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करीब 90 मिनट तक फोन पर बातचीत की और यूक्रेन युद्ध के समाधान में मदद की पेशकश की. क्रेमलिन के वरिष्ठ सहयोगी यूरी उशाकोव ने रविवार को यह जानकारी दी. उशाकोव के मुताबिक यह बातचीत शनिवार को हुई, जब ट्रंप अगले हफ्ते तुर्की में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं.

यूरी उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने बातचीत के दौरान एक बार फिर युद्ध को जल्द खत्म कराने और संकट के समाधान के लिए काम करने की इच्छा जताई. उन्होंने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध खत्म करने और संकट से बाहर निकलने के रास्ते खोजने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.' उशाकोव ने ट्रंप और पुतिन की इस बातचीत को काफी रचनात्मक बताया. उन्होंने कहा कि रूस इस संघर्ष का राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान चाहता है, लेकिन इसमें उसकी मूल रणनीतिक सोच और हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए.

क्रेमलिन ने यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों पर युद्ध को लंबा खींचने और उसे और अधिक बढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उशाकोव ने कहा कि यूक्रेन और उसके सहयोगी नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों का सहारा ले रहे हैं. उनका इशारा रूस के तेल प्रतिष्ठानों और अन्य ठिकानों पर यूक्रेन द्वारा किए जा रहे हमलों की ओर था, जिनकी वजह से रूस के कई इलाकों में ईंधन संकट पैदा हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज, बोले- हमने ईरान को एक हफ्ते की छूट दी

उशाकोव के अनुसार, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप को युद्ध के मैदान की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रूसी सेना लगातार आगे बढ़ रही है और एक के बाद एक इलाकों पर कब्जा कर रही है. रूसी सैन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को दावा किया था कि रूस ने पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र में स्थित रणनीतिक शहर कोस्तियांतिनिव्का पर कब्जा कर लिया है. हालांकि, शनिवार को वोलोदिमीर जेलेंस्की और यूक्रेनी सेना ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि शहर अब भी यूक्रेन के नियंत्रण में है.

रूस का कहना है कि यूक्रेन के साथ किसी भी समझौते में डोनबास क्षेत्र पर उसका पूर्ण नियंत्रण शामिल होना चाहिए. यूक्रेन इस मांग को मानने से इनकार करता रहा है. पिछले महीने जेलेंस्की ने पुतिन को आमने-सामने बैठक का प्रस्ताव दिया था, लेकिन क्रेमलिन ने उसे ठुकरा दिया. उशाकोव ने बताया कि ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर समाधान निकालने की कोशिश जारी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर फिर से मॉस्को का दौरा कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: कौन हैं 'इंडियन डोनाल्ड ट्रंप' अविनाश अग्रवाल? समय रैना के 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' शो में लूटी महफिल

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की कूटनीतिक कोशिशें हाल के दिनों में धीमी पड़ी हैं, क्योंकि वॉशिंगटन फिलहाल ईरान के साथ चल रहे तनाव पर ज्यादा ध्यान दे रहा है. उशाकोव ने कहा कि पुतिन ने ट्रंप से उम्मीद जताई कि ईरान संकट में अमेरिकी कूटनीतिक प्रयास दीर्घकालिक और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने में मदद करेंगे. बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप को मॉस्को आने का निमंत्रण भी दोहराया. वहीं जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम अकाउंट पर ट्रंप से हुई बातचीत को बेहद अच्छी बताया. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच 1,200 किलोमीटर लंबे युद्ध मोर्चे की स्थिति पर चर्चा हुई और नाटो बैठक के दौरान आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी. जेलेंस्की ने कहा, 'इस युद्ध को खत्म करने की वास्तविक संभावना मौजूद है और इसमें अमेरिका की दृढ़ता निर्णायक भूमिका निभाएगी.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement