Rajasthan News: जयपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े 20 लाख रुपए की बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. कपड़ा व्यापारी के लिए कलेक्शन करने निकला एजेंट सड़क किनारे रुककर कचौरी खाने लगा, लेकिन उसे क्या पता था कि पीछे से आए नकाबपोश बदमाश उसकी मेहनत की कमाई नहीं, बल्कि सेठ के लाखों रुपए से भरा बैग लेकर चंपत हो जाएंगे. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बदमाशों की करतूत घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
मामला जयपुर के नाहरगढ़ थाना इलाके का है. सोमवार शाम करीब 4. 30 बजे कपड़ा व्यापारी के यहां कलेक्शन एजेंट का काम करने वाला चम्पालाल कलेक्शन के लिए निकला था. उसकी बैग में कलेक्शन के 20 लाख रुपए रखे थे लेकिन तभी उसको भूख लगी और वह कचौरी खाने के लिए रुक गया.
उसने अपनी स्कूटी खड़ी की और कैश से भरा बैग स्कूटी के आगे पायदान पर रख दिया. खुद स्कूटी पर बैठ कर कचौरी के चटकारे लेने लगा, लेकिन तभी पीछे से स्कूटी सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और बैग उठाकर पलभर में फरार हो गए. चम्पालाल बदमाशों के पीछे भी भागे और जोर जोर से चिल्लाए लेकिन तब तक बदमाश गायब हो गए.
वारदात को अंजाम देते समय दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था. ऐसे में CCTV फुटेज में उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं. पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.देखें VIDEO:-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई, लेकिन फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है. पीड़ित की शिकायत पर नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है.