अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान जंग को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि ईरान के पास रॉकेट लॉन्चर्स खत्म होने की कगार पर हैं और जिस जगह से वे रॉकेट दाग रहे हैं, वो जगह नष्ट हो चुकी है.
एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने उन दावों को खारिज कर दिया कि अमेरिका ने केवल इसलिए कार्रवाई की क्योंकि इजराइल पहले हमला करने की तैयारी कर रहा था. उन्होंने कहा कि अगर हम यह नहीं करते, तो वे पहले हमला करने वाले थे.
यह पूछे जाने पर कि क्या नेतन्याहू ने अमेरिका को इस जंग में घसीटा है? इस पर ट्रंप ने कहा कि हो सकता है कि शायद मैंने ही इजराइल को ये कदम उठाने के लिए मजबूर किया हो. लेकिन हां, इजराइल तैयार था और हम भी तैयार थे. हमने बहुत ही शक्तिशाली असर डाला है, क्योंकि उनके पास जो कुछ भी था, लगभग सब कुछ नष्ट कर दिया गया है. अब उनकी मिसाइलों की संख्या तेजी से घट रही है.
यह पूछे जाने पर कि क्या ईरान की नई सरकार में किसी के साथ काम करने की आपकी इच्छा के लिए बहुत देर हो चुकी है? इस पर ट्रंप ने कहा कि नहीं, अभी देर नहीं हुई है. 49 लोग मारे गए, इसे मत भूलिए, तो यह मामला काफी गहरा है, है ना? नए लोगों के नाम सामने आ रहे हैं. बहुत से लोग यह पद चाहते हैं. उनमें से कुछ बहुत अच्छे हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि वे (ईरान) कुछ समय तक मिसाइलें दागते रहेंगे. उनकी मिसाइलें खत्म होने की कगार पर हैं और उनके पास उन्हें दागने की जगहें भी कम होती जा रही हैं, क्योंकि उनके ठिकाने तबाह किए जा रहे हैं. क्या आपने सुना है कि वे अब संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं?
इस पर ट्रंप ने कहा कि उनके लॉन्चर भी खत्म हो रहे हैं. हमारे पास मिडिल और अपर मिडिल रेंज के हथियार और गोला-बारूद असीमित मात्रा में हैं. हम उन्हें सुरक्षित रखते हैं और लगातार बनाते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि रक्षा कंपनियां हमारी जरूरत की विभिन्न चीजें तेजी से बना रही है. वे बहुत तेजी से काम कर रही हैं. उन्हें आपातकालीन आदेश दिए गए हैं. हम इसे तेजी से तैयार कर रहे हैं. हमारे पास असीमित भंडार है.
स्पेन के साथ व्यापारिक संबंध तोड़ने जा रहे
ट्रंप ने कहा कि हम स्पेन के साथ सभी व्यापारिक संबंध तोड़ने जा रहे हैं. मैंने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से कह दिया है कि वे स्पेन के साथ मामला निपटा लें. हम ब्रिटेन से भी बहुत खुश नहीं है.
ट्रंप ने कहा कि ईरान में चल रहा सैन्य अभियान वेनेजुएला में किए गए ऑपरेशन से पूरी तरह अलग है. ईरान की स्थिति अलग है, क्योंकि हालिया हमलों में वहां के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मारे गए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान का नया नेता भी पहले जैसा होगा तो स्थिति खराब होगी. उन्होंने ईरान में संभावित नेतृत्व बदलाव को लेकर कहा कि सबसे खराब स्थिति तब होगी, जब नया नेता भी पहले जैसा ही होगा. ऐसा हो सकता है, लेकिन हम ऐसा नहीं चाहते. हम चाहते हैं कि कोई ऐसा व्यक्ति आए जो लोगों के लिए काम करे.
ट्रंप ने कहा कि ईरान की नेवी, एयर फोर्स और एंटी एयरक्राफ्ट सिस्टम लगभग पूरी तरह नष्ट कर दिए गए हैं. सब कुछ खत्म कर दिया गया है.