scorecardresearch
 

दक्षिण 24 परगना पुलिस ने 18 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार, एजेंटों की मदद से पहुंचे थे बंगाल

बंगाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सरकार के कड़े रुख के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इसी क्रम में दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली थाना क्षेत्र से पुलिस ने सीक्रेट सूचना के आधार पर 18 बांग्लादेशी प्रवासियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
X
बंगाल के दक्षिण 24 परगना में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार. (सांकेतिक फोटो)
बंगाल के दक्षिण 24 परगना में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार. (सांकेतिक फोटो)

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में कुलतली पुलिस स्टेशन की टीम ने मंगलवार रात गोदाबाड़ इलाके से 18 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि ये लोग एजेंटों की मदद से सीमा बाड़ पार कर बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे. पुलिस ने बताया कि ये कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई है.

दक्षिण 24 परगना पुलिस ने बताया कि राज्य में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सरकार के कड़े रुख के बाद प्रशासनिक स्तर पर लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही हैं. जिले के कुलतली पुलिस को अपने खुफिया तंत्र से इलाके में कुछ संदिग्ध विदेशियों के रहने की पुख्ता जानकारी मिली थी. इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गोदाबाड़ क्षेत्र में छापेमारी की और इन 18 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में ले लिया.

पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुलतली में हिरासत में लिए गए इन 18 बांग्लादेशी नागरिकों के समूह में छह बच्चे भी शामिल हैं. पुलिस इन सभी लोगों को हिरासत में रखकर आगे की वैधानिक कानूनी कागजी कार्रवाई को पूरा करने में जुटी है.

होल्डिंग सेंटर भेजे जाएंगे सभी लोग

पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि इन सभी पकड़े गए व्यक्तियों को होल्डिंग सेंटर भेजने से पहले उनके पहचान डॉक्यूमेंट्स का बारीकी से वेरिफिकेशन किया जाएगा. इसके बाद ही प्रशासनिक नियमों के तहत इन्हें वापस बांग्लादेश भेजने के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे.

पुलिस पूछताछ में ये बात भी सामने आई है कि पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक पिछले तीन से साढ़े तीन सालों से इसी इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे. स्थानीय स्तर पर पकड़े जाने से बचने के लिए इनमें से कुछ लोग चुपचाप ईंट भट्टों पर काम में लगे हुए थे.

नई राज्य सरकार द्वारा अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के बाद, राज्य भर में हिरासत अभियान शुरू हो गए हैं. विभिन्न जिलों में हिरासत केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां बंदियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं के माध्यम से बांग्लादेश वापस भेजने से पहले रखा जाता है. अब कुलतली को भी इस लिस्ट में शामिल कर लिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement