scorecardresearch
 

6 बंदूकें, 200 कारतूस और नकदी... बंगाल CID ने हथियार तस्करी का किया भंडाफोड़

पश्चिम बंगाल CID ने उत्तर 24 परगना से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और नकदी बरामद हुई है. ये हथियार बिहार से तस्करी कर लाए गए थे. आरोपी महिला पहले भी हथियारों के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है. अब CID पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

Advertisement
X
महिला बिहार से हथियारों की तस्करी करके लाई थी. (Photo- ITGD)
महिला बिहार से हथियारों की तस्करी करके लाई थी. (Photo- ITGD)

पश्चिम बंगाल CID को अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है. सीआईडी की टीम ने उत्तर 24 परगना के अशोकनगर इलाके से एक महिला को गिरफ्तार किया है. महिला के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और नकदी बरामद की गई है.

शुरुआती जांच में पता चला है कि इन हथियारों की तस्करी बिहार से की गई थी. पुलिस और सीआईडी की टीमें अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं.

खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईडी एक संदिग्ध महिला पर नजर रख रही थी. टीम ने नैहाटी रोड से ही उस महिला का पीछा करना शुरू किया. जैसे ही वो उत्तर 24 परगना के अशोकनगर क्षेत्र संख्या 8 में पहुंची, टीम ने उसे पकड़ लिया.

6 बंदूकें, 6 मैगजीन, 200 राउंड कारतूस बरामद

तलाशी लेने पर महिला के पास मौजूद बैग से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ. CID ने उसके बैग से 6 बंदूकें, 6 मैगजीन, 200 राउंड कारतूस और कुछ नकदी बरामद की है. 

महिला को हिरासत में लेने के साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को वहां जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. पकड़ी गई महिला के पास मिले पहचान पत्रों के मुताबिक, उसका नाम पूजा विश्वास है. वो हाबरा नगर पालिका में निवेदिता रोड की रहने वाली है. 

Advertisement

पहले भी हथियारों के साथ गिरफ्तार हो चुकी है महिला

पुलिस रिकॉर्ड से पता चला है कि इस आरोपी महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. इससे पहले नवंबर 2023 में भी पूजा विश्वास को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था. जेल से बाहर आने के बाद वो दोबारा इसी अवैध धंधे में शामिल हो गई.

यह भी पढ़ें: गुजरात में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1 हजार करोड़ की कोकीन जब्त

CID के अधिकारियों के मुताबिक, महिला हथियारों की ये बड़ी खेप बिहार से लाई थी. अब सीआईडी इस बात की जांच कर रही है कि ये डिलीवरी किसे दी जानी थी. इस हथियारों की तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा गैंग काम कर रहा है और इसका असली मास्टरमाइंड कौन है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement