पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. जिस घर में रोज पूजा-पाठ होता था, वहां एक ही रात में दो लोगों की हत्या का आरोप लगा है. आरोप है कि एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की और उसका सिर घर के मंदिर में त्रिशूल के सामने रख दिया. इसके बाद उसने अपने पिता को भी मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद आरोपी हाथ में चाकू लेकर गांव में घूमने लगा.
पत्नी की हत्या के बाद पिता को भी मारने का आरोप
यह सनसनीखेज घटना सोमवार रात बांकुरा जिले के सोनामुखी थाना क्षेत्र के दामोदर नदी के किनारे स्थित लाल बाबा मनाचर इलाके में हुई. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान मंगल चौधरी के रूप में हुई है. उस पर अपनी 39 वर्षीय पत्नी रुम्पा चौधरी और 60 वर्ष से अधिक उम्र के पिता राजेंद्र चौधरी की हत्या करने का आरोप है.
बताया जा रहा है कि मंगल ने कथित तौर पर पहले अपनी उंगली काट ली. इसके बाद घर के अंदर पत्नी की हत्या कर दी और उसका सिर मंदिर में त्रिशूल के सामने रख दिया. फिर उसने अपने पिता की भी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी हाथ में चाकू लेकर गांव में घूमने लगा, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया.
घर में पूजा-पाठ, तांत्रिक के आने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगल और उसकी पत्नी अपने घर के मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ करते थे. ग्रामीणों का यह भी दावा है कि उनके घर एक तांत्रिक आता था. इस वजह से इलाके में घटना के पीछे अंधविश्वास या तंत्र-मंत्र से जुड़े किसी पहलू की आशंका को लेकर चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस वारदात का पूजा-पाठ या कथित तांत्रिक गतिविधियों से कोई संबंध था या नहीं.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर सोनामुखी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर एक ही रात में ऐसी खौफनाक वारदात क्यों हुई. हत्या के पीछे की असली वजह और कथित तांत्रिक गतिविधियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
(रिपोर्ट- निर्भीक चौधरी)