पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसमें चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल में इलाज के दौरान चंद्रनाथ की मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा की हालत गंभीर बनी हुई है.
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रनाथ रथ के सीने में करीब से कई गोलियां मारी गईं, जो हृदय (Heart) को चीरते हुए पार निकल गईं. गंभीर रूप से घायल होने के बाद शरीर से अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक पोस्टमार्टम निष्कर्ष हैं और विस्तृत रिपोर्ट अभी आनी बाकी है.
यह भी पढ़ें: बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, गाड़ी रुकवाकर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
सीआईडी भी जांच में जुटी
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. चंद्रनाथ रथ की कार को पहले एक कार ने रोकने की कोशिश की. इसके बाद बाइक सवार हमलावर कार के करीब पहुंचे और बेहद नजदीक से कई राउंड फायरिंग कर दी. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस को घटनास्थल से कई खाली कारतूस मिले हैं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल जुटाए हैं और सीआईडी भी जांच में शामिल हो गई है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने संभवतः अत्याधुनिक ग्लॉक 47एक्स पिस्टल का इस्तेमाल किया. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के हथियार आम अपराधियों के पास नहीं होते, इसलिए पेशेवर शूटरों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. कार का चेसिस और इंजन नंबर भी मिटाया गया था, जिससे साफ संकेत मिलता है कि हत्या पहले से सुनियोजित थी.
यह भी पढ़ें: खून से लाल स्कॉर्पियो की सीट और चंद्रनाथ का बेजान शरीर...गोलीबारी के ठीक बाद का Exclusive वीडियो
वारदात का CCTV वीडियो भी आया सामने
इस मामले की जांच के दौरान हत्या से पहले के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए. ऐसा ही एक वीडियो चंद्रनाथ पर गोलीबारी के ठीक बाद का है, जब लोग उनकी मदद को दौड़े. वीडियो में दिख रहा है कि वारदात के बाद लोग घबराते हुए चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो कार के पास पहुंचते हैं तो देखते हैं कि शीशे पर कई गोलियों के निशान हैं. लोग किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर देखते हैं तो चंद्रनाथ का लगभग बेजान हो चुका शरीर आगे की सीटों के बीच पड़ा था. इसके बाद लोग बड़ी मुश्किलों से उन्हें उठाकर सीट पर वापस बैठाते हैं और बेल्ट लगाकर शरीर को रोकते हैं. इसके बाद चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर को अस्पताल ले जाया जाता है.