कोलकाता के जादवपुर रेलवे स्टेशन इलाके में हॉकरों को हटाने के अभियान के दौरान भारी हंगामा हो गया. रविवार रात को प्रशासन की इस कार्रवाई के कारण पूरे इलाके में तनाव फैल गया. अवैध दुकानों और ढांचों को गिराने के लिए जब बुलडोजर चलाए गए, तो प्रदर्शनकारी भड़क गए.
इसके बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई. इस झड़प में कई लोग घायल हो गए हैं. स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने CPI-M नेता सृजन भट्टाचार्य को हिरासत में ले लिया है.
स्थानीय निवासी और दुकानदार पहले से ही इस बात का अंदेशा जता रहे थे कि प्रशासन यहां तोड़फोड़ की बड़ी कार्रवाई कर सकता है. इसी आशंका को देखते हुए मौके पर पहले से ही कई बुलडोजर तैनात कर दिए गए थे.
वामपंथी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
इलाके में कोलकाता पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई थी. प्रशासन की इस कार्रवाई को रोकने के लिए वामपंथी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक साझा विरोध प्रदर्शन शुरू किया. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार भी शामिल हो गए.
सुरक्षा बलों ने कार्रवाई शुरू करने से पहले ही पूरे इलाके को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया था, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके.
लाठीचार्ज और झड़प में कई लोग घायल
जैसे ही सुरक्षा बलों ने बैरिकेड्स लगाकर इलाके को घेरा और बुलडोजर से अवैध दुकानों को गिराना शुरू किया, प्रदर्शन और ज्यादा उग्र हो गया. भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस के लाठीचार्ज करते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस झड़प और लाठीचार्ज के कारण कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कांगपोकपी में सुबह-सुबह अंधाधुंध फायरिंग, पति-पत्नी समेत तीन की मौत
वामपंथी और कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी को उजाड़ा जा रहा है.