पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को साउथ 24 परगना जिले के बरुईपुर पहुंचे. यहां उन्होंने 11 साल की उस बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की, जिसकी रेप के बाद हत्या कर दी गई थी. मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.
मुख्यमंत्री ने बरुईपुर जिले में एसपी कार्यालय में पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की है. इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक में मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
इससे एक दिन पहले सोमवार को मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें खुशी है कि पीड़ित परिवार ने राज्य सरकार पर भरोसा जताया है. 11 साल की बच्ची एक दिन से लापता थी. रविवार को उसका शव बरामद हुआ था.
सुरज्यापुर हाट इलाके में शव मिलने की खबर फैलते ही भारी आक्रोश फैल गया. इस घटना के विरोध में लोगों ने बरुईपुर-जॉयनगर रोड जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया. आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. इस दौरान पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया.
रविवार को बच्ची का शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने पीड़िता की हत्या में शामिल होने के शक में एक व्यक्ति को पकड़ लिया. भीड़ ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. बंगाल सरकार ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है.
SIT सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. पश्चिम बंगाल सरकार का कहना है कि मामले की जांच तेज गति से आगे बढ़ाई जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.