scorecardresearch
 

VIDEO: चलती ट्रेन में महिला TTE पर हमला, बिना टिकट यात्री ने बाल पकड़कर की मारपीट

झांसी के पास चलती मंगला एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान एक महिला टीटीई पर हमला होने से अफरा-तफरी मच गई. बिना वैध टिकट यात्रा कर रही महिला ने कथित तौर पर टीटीई के बाल पकड़कर मारपीट की. घटना का वीडियो भी सामने आया है. आरोपी महिला को झांसी स्टेशन पर हिरासत में लेकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया.

Advertisement
X
आरोपी महिला की झांसी में हुई गिरफ्तारी.(Photo: Ajay Jha/ITG)
आरोपी महिला की झांसी में हुई गिरफ्तारी.(Photo: Ajay Jha/ITG)

झांसी के पास चलती ट्रेन में महिला टिकट परीक्षक (TTE) पर हमले की घटना ने रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम मंगला एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान बिना वैध टिकट यात्रा कर रही एक महिला यात्री ने कथित तौर पर महिला टीटीई के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी. इस दौरान महिला ने टीटीई के बाल पकड़ लिए और हाथापाई शुरू कर दी. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है.

दरअसल, यह घटना ग्वालियर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के बीच हुई. ट्रेन के कोच में अचानक हुए इस विवाद से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कई यात्रियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जबकि कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली.

यह भी पढ़ें: वर्दी में डकैती! झांसी में तीन सिपाहियों ने गैंग बनाकर कारोबारी के मुंशी से लूटे ₹24.90 लाख, गिरफ्तारी के बाद VIP ट्रीटमेंट

ट्रेन झांसी स्टेशन पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) पहले से अलर्ट थी. महिला आरक्षियों ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया. घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी.

टिकट जांच के दौरान शुरू हुआ विवाद

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मंगला एक्सप्रेस के एस-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात महिला टीटीई अंजली प्रजापति नियमित टिकट जांच कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें एक महिला यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करती मिली. टीटीई ने नियमानुसार महिला से टिकट दिखाने या नया टिकट बनवाने को कहा और पूरी प्रक्रिया समझाई.

बताया जा रहा है कि शुरुआत में महिला यात्री ने नया टिकट बनवाने की बात कही, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया. मामूली कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में महिला ने टीटीई के साथ अभद्रता की और उनके बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी.

अचानक हुए इस हमले से कोच में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया. कुछ यात्रियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया. इसी दौरान मौजूद यात्रियों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

देखें वीडियो...

हाथापाई में टीटीई का उपकरण भी हुआ क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का टिकट जांच स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी सक्रिय हो गए. ट्रेन के झांसी पहुंचने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को पूरी जानकारी दे दी गई थी. स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही महिला आरक्षियों ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जीआरपी के हवाले कर दिया.

Advertisement

झांसी जीआरपी के क्षेत्राधिकारी सलीम खान ने बताया कि महिला टीटीई की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है. हाथापाई के दौरान टीटीई का हैंड हेल्ड टर्मिनल भी नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया. इस संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई.

चूंकि यह घटना ग्वालियर और झांसी के बीच हुई थी, इसलिए अधिकार क्षेत्र को देखते हुए झांसी जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज की है. इसके बाद मामला आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी ग्वालियर को भेज दिया गया. आरोपी महिला को भी नियमानुसार ग्वालियर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया.

रेलवे कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा के सवाल

इस घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और टिकट जांच स्टाफ में नाराजगी देखने को मिली है. कर्मचारियों का कहना है कि टिकट जांच के दौरान उन्हें कई बार आक्रामक और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे मामलों में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत व्यवस्था की जरूरत है.

रेलवे कर्मचारियों का मानना है कि टिकट जांच जैसी नियमित प्रक्रिया के दौरान इस तरह के हमले न सिर्फ कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हैं. उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के साथ सुरक्षा प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए.

Advertisement

फिलहाल जीआरपी ग्वालियर पूरे मामले की जांच कर रही है. वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जा सकते हैं. जांच के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement