योगी सरकार के नवनियुक्त राज्य मंत्री और भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा 15 मई को लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा पहली बार अपने गृह जनपद वाराणसी पहुंचे. पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से कम ईंधन खर्च करने की अपील के बावजूद मंत्री जी के स्वागत में दर्जनों चार पहिया वाहनों का विशाल काफिला निकाला गया. एयरपोर्ट से कंचनपुर आवास के बीच अर्दली बाजार में इस भारी काफिले के कारण घंटो भीषण जाम लगा रहा, जिससे स्थानीय जनता परेशान हुई. मंडुआडीह में कार्यकर्ताओं ने कई बुलडोजर खड़े कर शक्ति प्रदर्शन के जरिए मंत्री का स्वागत किया.
सैकड़ों गाड़ियां, धुआं उड़ाती सत्ता की हनक
वाराणसी की सड़कों पर 15 मई को जो नजारा दिखा, उसने 'सादगी' के दावों पर कई सवाल खड़े कर दिए. 10 मई को योगी सरकार में शामिल हुए पांच नए मंत्रियों में से एक हंसराज विश्वकर्मा का काफिला जब एयरपोर्ट से निकला, तो उसमें दर्जनों लग्जरी गाड़ियां शामिल थीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक तरफ टीवी पर आकर देश को सादगी अपनाने और कार-पूलिंग करने अपील कर रहे हैं, लेकिन उन्हीं के संसदीय क्षेत्र काशी की जनता को उनके ही सिपहसालारों के कारण घंटों जाम से जूझना पड़ा.
बुलडोजर से स्वागत और सोशल मीडिया पर फजीहत
मंत्री जी के स्वागत का उत्साह सिर्फ चमचमाती गाड़ियों तक ही सीमित नहीं रहा. जब यह काफिला मंडुआडीह पहुंचा, तो वहां बाकायदा कई बुलडोजर कतार में खड़े कर दिए गए. बुलडोजर से हुए इस अनोखे और भारी-भरकम स्वागत के विजुअल्स जैसे ही सामने आए, सोशल मीडिया पर हंसराज विश्वकर्मा की भारी आलोचना शुरू हो गई.
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का तीखा हमला
इस पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने अपने एक्स (X) हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि काशी की सड़कों पर भाजपा के 'चुनावी चूरन' में आए कुछ महीनों के मेहमान मंत्री का अहंकार साफ दिख रहा है. सैकड़ों गाड़ियों का काफिला और धुआं उड़ाती सत्ता की हनक के बीच काशी की जनता घंटों जाम में फंसी रही. इस वीआईपी कल्चर और भारी काफिले के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.