वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 8 सेकंड के इस वीडियो में थाने में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह ने एक महिला को लगातार पांच थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के व्यवहार और कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र की कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव का है. यहां आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस विवाद को लेकर पहले पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन मामला पूरी तरह सुलझ नहीं सका था.
इसी विवाद के संबंध में दोनों पक्षों को चौबेपुर थाने बुलाया गया था. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान गीता पत्नी रामसेवक भी थाने पहुंच गईं. इसी दौरान उनकी थाने में मौजूद महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह से किसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह ने गीता को लगातार पांच थप्पड़ मार दिए. घटना के समय वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरे घटनाक्रम का करीब 8 सेकंड का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
थाने में महिला को पड़े थप्पड़ ही थप्पड़
वीडियो में महिला उपनिरीक्षक और महिला के बीच बहस के दौरान थप्पड़ मारने की घटना दिखाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. मामले पर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने कहा कि वायरल वीडियो एक दिन पुराना है. उन्होंने बताया कि आबादी की जमीन से जुड़े विवाद में एक महिला की शिकायत पर गीता के पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था.
इसकी जानकारी मिलने पर गीता भी थाने पहुंच गईं और अपने पति को बुलाने का कारण पूछने लगीं. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और यह घटना हुई. एसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है. जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पूरे घटनाक्रम में क्या परिस्थितियां थीं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.