scorecardresearch
 

नवमी पर योगी ने दिखाई नए यूपी की तस्वीर, रोजगार से निवेश तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए कहा कि 'सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश' के दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश की डबल इंजन सरकार 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर अग्रसर है.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री ने 'संकल्प से सिद्धि' तक दिखाई 'नए भारत के नए उतर प्रदेश' के विकास की तस्वीर (Photo-PTI)
मुख्यमंत्री ने 'संकल्प से सिद्धि' तक दिखाई 'नए भारत के नए उतर प्रदेश' के विकास की तस्वीर (Photo-PTI)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर सोमवार को मां सिद्धिदात्री की आराधना करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए 'संकल्प से सिद्धि' तक 'नए भारत के नए उतर प्रदेश' के विकास की तस्वीर भी दिखाई.

सीएम ने 'एक्स' पर लिखा कि सभी सिद्धियों, सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश की नारीशक्ति अपने सामर्थ्य, संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर प्रदेश की प्रगति एवं समृद्धि में निर्णायक भूमिका निभा रही है. मुख्यमंत्री ने मातृ शक्ति की महत्ता भी बताते हुए लिखा- यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः. अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवता का वास होता है, सुख, समृद्धि और कल्याण होता है.

'2017 से पहले दंगों की आग में झुलस रहा था प्रदेश'

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए लिखा- 2017 से पहले प्रदेश के उपद्रव ग्रस्त माहौल ने विकास पर ग्रहण लगा रखा था, अराजकता चरम पर थी. गुंडे, माफिया और उपद्रवी समानांतर सरकार चला रहे थे, प्रदेश दंगों की आग में झुलस रहा था. पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, अभिभावक अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में भेजने को मजबूर थे.

Advertisement

2017 के बाद विकास की तस्वीर भी दिखाई

मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद आए विकास का जिक्र करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई. 'रूल ऑफ लॉ' की स्थापना के साथ प्रदेश को उपद्रव से निकालकर उत्सव प्रदेश के रूप में स्थापित किया. पिछले साढ़े 9 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में किए गए प्रयासों ने प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से निकालकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना है उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि साढ़े 9 सालों में प्रदेश की जीएसडीपी, पर-कैपिटा इनकम, बजट और महिला श्रम बल भागीदारी 3 गुना हुई है, प्रदेश लगातार रेवेन्यू सरप्लस बना हुआ है. प्रदेश को ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए. बड़े कारखानों की संख्या ढाई गुना बढ़कर 14 हजार से 35 हजार हुई है. निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है. डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से भारत को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60 प्रतिशत आज उत्तर प्रदेश में है, प्रदेश की कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 फीसदी हो गई है. निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को साढ़े 9 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं. स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है. मृतप्राय पड़े एमएसएमई क्षेत्र को पुनर्जीवित करके 3 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement