कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुल्तानपुर की एक अदालत में अपना बयान दर्ज करवाएंगे. MP-MLA कोर्ट ने आखिरी मौका देते हुए राहुल गांधी को तलब किया था. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुल्तानपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचेंगे.
अदालत की ओर से उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए 20 फरवरी को आखिरी मौका दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणी पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता विजय मिश्र ने उनके खिलाफ मानहानि का शिकायत दर्ज करवाई थी. मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है.
पहले भी कोर्ट में पेश हो चुके हैं राहुल
26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी इस मामले में अदालत में पेश हुए थे, लेकिन कई तारीखों पर गैर-मौजूद रहे. 19 जनवरी को भी गैर-हाजिर रहने पर कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आखिरी मौका दिया है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाला युवक हिरासत में, कोटा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
राहुल गांधी चार्टर प्लेन से अमौसी एयरपोर्ट उतरेंगे. वहां से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते वह सुल्तानपुर की सीमा में दाखिल होंगे. नेता प्रतिपक्ष सुबह करीब 10:50 बजे दीवानी न्यायालय पहुंचेंगे. यहां बयान दर्ज कराने के बाद राहुल गांधी सीधे लखनऊ के लिए रवाना होंगे.