उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक हुई. इस दौरान कुल 12 अहम प्रस्तावों को पास किया गया. इनमें यूपी राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा आयोग के गठन को मंजूरी दे दी गई है. इसके साथ ही आगरा मेट्रो, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली विभाग से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स को भी हरी झंडी दिखाई गई है.
आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के कॉरिडोर-2 के लिए कैबिनेट ने जरूरी जमीन ट्रांसफर के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से ताजनगरी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को काफी रफ्तार मिलने की उम्मीद है. मेट्रो कॉरिडोर-2 के निर्माण के लिए तहसील सदर के मौजा चक अव्वल की नजूल भूमि को चुना गया है.
इसके लिए कुल 550 स्क्वायर मीटर जमीन दी गई है. ये जमीन उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPMRC) को आवंटित की जा रही है.
यूपी मेट्रो के अनुरोध पर मुफ्त मिलेगी जमीन
यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक ने इस जमीन को बिना किसी शुल्क के आवंटित करने का अनुरोध किया था. शासन स्तर पर इस पर विचार करते हुए जिलाधिकारी सर्किल दर पर पूरी छूट दी गई है. कुछ जरूरी शर्तों और प्रतिबंधों के साथ इसे मुफ्त ट्रांसफर किया जा रहा है.
इसे 'नजीर' नहीं माना जाएगा
आधिकारिक प्रेस नोट में कहा गया है कि जमीन ट्रांसफर का ये फैसला पूरी तरह से विशेष परिस्थिति में लिया गया है. भविष्य में इसे किसी दूसरे मामले के लिए एक उदाहरण या नजीर के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.
पशु चिकित्सा छात्रों के लिए इंटर्नशिप भत्ता हुआ 3 गुना
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के पशु चिकित्सा के छात्रों को मिलने वाले मासिक इंटर्नशिप भत्ते में भारी बढ़ोतरी कर दी है. अब छात्रों को मिलने वाले भत्ते को सीधे 3 गुना बढ़ा दिया गया है. छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता जो पहले 4,000 रुपए प्रति माह था, उसे अब बढ़ाकर 12,000 रुपए प्रति माह कर दिया गया है.
इन विश्वविद्यालयों के छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
उत्तर प्रदेश एक बड़ी आबादी और विशाल पशुधन वाला राज्य है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में पशुपालन विभाग की भूमिका बहुत अहम है.
मिर्जापुर को मिलेगी नई यूनिवर्सिटी
पूर्वांचल के मिर्जापुर जिले को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के तहत निजी क्षेत्र में 'सरдар पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी, मिर्जापुर' की स्थापना के लिए आशय पत्र जारी करने की मंजूरी दे दी गई है. इस यूनिवर्सिटी की स्थापना मिर्जापुर के ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत तहसील-चुनार के ग्राम-समसपुर में की जाएगी. इसके लिए 50.45 एकड़ भूमि चुनी जा चुकी है.
यह भी पढ़ें: योगी कैबिनेट विस्तार के बाद विभाग के बंटवारे का इंतजार, कौन होगा PWD मंत्री?
मिर्जापुर में बनेगा 2,799 रुपए करोड़ का विशाल उपकेन्द्र
यूपी में लगातार बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश में बनने वाली नई थर्मल और पम्प्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजनाओं से पैदा होने वाली बिजली की सुचारू सप्लाई के लिए मिर्जापुर में एक एडवांस 765/400 किलोवोल्ट का विशाल पूलिंग उपकेन्द्र बनाया जाएगा. इसके साथ ही उससे जुड़ी ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण को भी मंजूरी दे दी गई है.