उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित जामिया इस्लामिया गुलजार ए मोहम्मदी मदरसे के एक 70 साल के मौलाना की आपत्तिजनक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो में मौलाना एक नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म करता नजर आ रहा है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी मौलाना का नाम इकबाल है और वह तावली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. यह घटना 7 सितंबर 2024 की है, जब मदरसे में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र के साथ जबरदस्ती गलत काम किया गया था. उस समय किसी शख्स ने चोरी छिपे इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, लेकिन यह वीडियो लंबे समय तक सामने नहीं आया.
मदरसे में नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म
करीब डेढ़ साल बाद जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब इस घटना का खुलासा हुआ. वीडियो के सामने आते ही पीड़ित छात्र के परिजनों को इस पूरे मामले की जानकारी मिली. जब उन्होंने बच्चे से इस बारे में बात की, तो उसने अपनी आपबीती बताई. छात्र ने कहा कि मौलाना ने उसके साथ जबरदस्ती कुकर्म किया था और उसे धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसके साथ बुरा होगा. इसी डर की वजह से वह अब तक चुप रहा.
परिजनों ने बिना देरी किए शाहपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और पोक्सो तथा बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक बुजुर्ग मौलाना नाबालिग लड़के के साथ दुष्कर्म करता नजर आ रहा था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित और आरोपी की पहचान की. पीड़ित के पिता से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.
पुलिस ने आरोपी मौलाना को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी मौलाना इकबाल को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.