लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJPR) उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अपना संगठन मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है. लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एलजेपीआर प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी संस्थापक और उनके पिता रामविलास पासवान की जयंती इस बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मनाई जाएगी.
उन्होंने कहा, 'पहली बार हम रामविलास पासवान जी की जयंती उत्तर प्रदेश में मना रहे हैं. इस कार्यक्रम के जरिए संगठन में नई ऊर्जा भरने और यूपी में पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य है.' चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी बिहार में मजबूत स्थिति में है और झारखंड व नागालैंड में भी उसके विधायक हैं, जबकि पूर्वोत्तर के कई राज्यों में संगठन का विस्तार किया जा रहा है. यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने और गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन सीटों की संख्या और गठबंधन का अंतिम फैसला पार्टी की प्रदेश इकाई और केंद्रीय संसदीय बोर्ड मिलकर करेंगे.
उन्होंने कहा, 'हम केंद्र और बिहार में एनडीए का हिस्सा हैं और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मजबूत करना चाहते हैं. हर गठबंधन अपनी तैयारी कर रहा है. हम क्या फैसला लेंगे, उसके लिए अभी समय है.' उन्होंने एनडीए सहयोगियों के बीच मतभेदों के सवाल पर कहा कि बिहार, झारखंड और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठबंधन मजबूत है. चिराग पासवान ने कहा, 'ऐसा कौन और क्यों बोल रहा है, यह वही जाने, लेकिन हमारा विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत है.'
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: बीएसपी ने दलित-ओबीसी भाईचारा कमेटी से मजबूत की चुनावी रणनीति
राम मंदिर दान गबन मामले पर चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी इस मामले को लेकर सख्त हैं. राम मंदिर का निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुई है. भ्रष्टाचार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.' उन्होंने कहा, 'यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा मामला है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी घटना न हो. आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होगा, उसका सम्मान होगा.'
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि सरकार किसी दोषी को बचाने वाली नहीं है. जो भी दोषी होगा, चाहे कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. किसी को संरक्षण नहीं मिलेगा. दलित राजनीति को लेकर चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'बसपा और सपा ने दलितों को ठगा है. हमारी पार्टी दलितों और वंचितों की असली आवाज है. आज भी गुंडे दलितों और वंचितों पर अत्याचार करते हैं.'
चिराग ने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी ने दलितों को भ्रमित नहीं होने दिया और यूपी में भी ऐसा नहीं होने देंगे. चिराग ने कहा, 'अगर बसपा, सपा या चंद्रशेखर आजाद दलितों की आवाज प्रभावी तरीके से उठा पाते तो आज हालात अलग होते. मायावती जी ने कभी आवाज उठाई थी, लेकिन आज उनकी आवाज सुनाई नहीं देती.' चिराग पासवान ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में रहते हुए भी जरूरत पड़ने पर अपनी बात मजबूती से रखती है. उन्होंने कहा, 'हम बसपा, सपा और कांग्रेस के साथ खुद को नहीं जोड़ते. जनता जानती है कि कौन वास्तव में दलितों और वंचितों के हित की राजनीति करता है.'