scorecardresearch
 

दो दारोगा, एक बैंक कैशियर सहित 7 मर्डर करने वाले लल्लन का एनकाउंटर, सवा लाख का था इनाम

सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹1.25 लाख के इनामी कुख्यात अपराधी लालन सिंह की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार वह हत्या, लूट, बैंक डकैती और पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई संगीन मामलों में वांछित था. मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.

Advertisement
X
 7 मर्डर करने वाले लल्लन का एंकाउंटर (Photo: itg)
7 मर्डर करने वाले लल्लन का एंकाउंटर (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹1.25 लाख के इनामी कुख्यात अपराधी लालन सिंह उर्फ लल्लन की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक लालन सिंह कई सनसनीखेज वारदातों में वांछित था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी. मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

जानकारी के अनुसार 21 और 22 जून की दरम्यानी रात सरसावा-नकुड़ मार्ग पर पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की. इसी दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में लालन सिंह गोली लगने से घायल हो गया.

घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लालन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और पुलिस पर हमले सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे. वाराणसी में वर्ष 2022 में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने के मामले में भी वह वांछित था. इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की एक बड़ी घटना में भी उसका नाम सामने आया था.

Advertisement

जांच एजेंसियों के अनुसार लालन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगठित अपराध को अंजाम देता था. उसके खिलाफ सात हत्याओं में शामिल होने के आरोप थे. इनमें दो उपनिरीक्षक, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले भी शामिल बताए जाते हैं. बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसी घटनाओं में भी उसकी कथित भूमिका रही थी.

लालन सिंह की गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.



 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement