बनारस से चलकर कानपुर अपने रिश्तेदार से मिलने पहुंची नाबालिग से गैंगरेप करने वाले गेस्ट हाउस मालिक को पहले गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था. बाकी दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अब तीनों आरोपियों के क्षेत्र के बीजेपी विधायक अभिजीत सिंह सांगा के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
दरअसल, कानपुर के मंधाना इलाके में 25 मार्च को बनारस की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने रिश्तेदार भाई से मिलने कानपुर पहुंची थी. वह बिठूर के मंधाना इलाके में पहुंची लेकिन भाई का घर नहीं ढूंढ पाई और भटक गई.
इसी दौरान गेस्ट हाउस संचालक पदम त्रिपाठी उससे मिला और बोला- ''रात में अब तुम घर नहीं ढूंढ पाओगी, हमारे यहां गेस्ट हाउस में रुक जाओ. सुबह तुम्हारे रिश्तेदार का पता लगवा देंगे.''
लड़की विश्वास करके वहां रुक गई. रात में पदम त्रिपाठी ने अपने साथी निहाल सिंह और बिल्लू के साथ मिलकर उसका गैंगरेप कर दिया. इसके बाद लड़की ने उसी गेस्ट हाउस में रहने वाले जगदीश नाम के लड़के को पूरी सूचना बताई. फिर उसने 112 पर फोन करके पुलिस बुलाई.
इस मामले में पुलिस ने लड़की की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की और पदम त्रिपाठी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि दो आरोपी निहाल सिंह और बिल्लू फरार हो गए थे. पुलिस ने उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है. लड़की का मेडिकल हो चुका है.
विधायक ने दी सफाई
उधर, तीनों आरोपियों के बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. जब विधायक से उनका पक्ष जाना गया तो उन्होंने कहा, ''मैं बिठूर का विधायक हूं और आरोपी भी बिठूर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं. इस नाते हमारा परिचय होता है. कोई भी हमारे साथ फोटो खींच लेता है, लेकिन अगर किसी ने अपराध किया है तो पुलिस उसे सजा देगी. कानून अपना काम कर रहा है.''
इस मामले में लड़की ने पहले अपना बनारस का पता गलत बताया था. एसीपी आशुतोष कुमार का कहना है कि लड़की ने डर के मारे पहले अपना पता गलत बताया था. बाद में उसने सही पता बताया. उसके घर वालों से बात हो गई है और वे आ रहे हैं.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कर दिया गया है. 164 का बयान भी कराया जा रहा है. बाकी दोनों आरोपियों बिल्लू और निहाल सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आज छुट्टी की वजह से लड़की का 164 का बयान नहीं हो पाया.