
यूपी के कन्नौज में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुन्ना की अवैध संपत्तियों पर जल्द ही बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है. उसकी अवैध संपत्तियों की जांच के लिए राजस्व टीम उसके गांव पहुंच चुकी है. राजस्व विभाग की टीम अशोक यादव की एक-एक संपत्ति की सरकारी कागजों से मिलान कर रही है. जांच-पड़ताल के बाद एक्शन लिया जा सकता है.
बता दें कि सोमवार की शाम थाना बिशनगढ़ के गांव धरनी धरपुर नगरिया में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर फायरिंग हुई थी. इस फायरिंग में सिपाही सचिन राठी की गोली लगने से मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हिस्ट्रीशीटर अपने बेटे अभय संग भाग रहा था.
एनकाउंटर में पकड़े गए अपराधी
जब पुलिस ने उनसे रुकने के लिए कहा कि तो उन्होंने फिर से पुलिस पर फायर झोंक दिया. ऐसे में पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई. गोली अशोक यादव और उसके बेटे के पैर में लगी. फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचे और घर से एक डबल बैरल राइफल बरामद हुई है. पुलिस ने अशोक की पत्नी को भी हिरासत में लिया है.

मामले में अब राजस्व टीम ने अशोक यादव के गांव जाकर उसकी अवैध संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है. संभावना जताई जा रही है कि अवैध संपत्ति का पता चलने के बाद उसपर बुलडोजर एक्शन हो सकता है.
सिपाही की मौत, दो महीने बाद होनी थी शादी
हिस्ट्रीशीटर की फायरिंग में सिपाही सचिन राठी के जांघ में गोली लगी थी. कानपुर में इलाज के दौरान उन्होंने आज दम तोड़ दिया. सचिन के एक छोटी बहन और एक बड़ा भाई है. पिता खेती-किसानी करते हैं. परिवार मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि सचिन की मंगेतर भी सिपाही है. वह सौरिख थाने में तैनात है. दो महीने बाद उनकी शादी होनी थी.