scorecardresearch
 

जालौन में IAS बनाम ब्लॉक प्रमुख: रिंकू सिंह राही पर थप्पड़ मारने का आरोप, धक्का-मुक्की CCTV में कैद

यूपी के जालौन में एसडीएम (IAS) रिंकू सिंह 'राही' और ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल हुआ है. ब्लॉक प्रमुख ने थप्पड़ मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए डीएम से लिखित शिकायत की है, जिसके बाद मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है.

Advertisement
X
जालौन में आईएएस रिंकू सिंह के खिलाफ ब्लॉक ने खोला मोर्चा (Photo- ITG)
जालौन में आईएएस रिंकू सिंह के खिलाफ ब्लॉक ने खोला मोर्चा (Photo- ITG)

अपनी कार्यशैली को लेकर अक्सर सुर्खियां बटोरने वाले यूपी में तैनात आईएएस रिंकू सिंह 'राही' एक बार फिर चर्चा में हैं. अभी वो जालौन में बतौर एसडीएम पोस्टेड हैं, जहां वो एक बड़े विवाद में घिर गए हैं. इस बार उनका सीधा टकराव स्थानीय ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से हो गया है. मामला दोनों के बीच तीखी बहस और धक्केमुक्की तक पहुंच चुका है, जिसका लाइव CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. आइये जानते हैं पूरा मामला... 

​दरअसल, यह पूरी घटना 23 जून की है. एसडीएम रिंकू सिंह क्षेत्र के 'बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज' का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन भी मौजूद थे. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एसडीएम रिंकू आपा खो बैठे. 

ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि एसडीएम ने थप्पड़ मारने का प्रयास किया, जो उनके गाल पर न लगकर हाथ में लगा. सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि कैसे अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई जैसी स्थिति पैदा हो गई. इस घटना के बाद से ही ब्लॉक प्रमुख और उनके समर्थकों में भारी आक्रोश है. उन्होंने प्रेस वार्ता बुलाकर अपनी बात कही और अफसरशाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

Advertisement

ब्लॉक प्रमुख रामराजा ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय से की है. शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज भी जिलाधिकारी को सौंप दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने तत्काल 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है.  डीएम का कहना है कि कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, रिंकू सिंह ने फोन पर बताया कि जांच प्रभावित करने के मकसद से यह ऐसी गतिविधिया की जा रही हैं. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement