scorecardresearch
 

'मैं मौसी के यहां बेगूसराय में हूं...' रात में चलती ट्रेन से गायब प्रज्ञा ने पति को किया फोन

केदारनाथ यात्रा से लौटते समय ट्रेन से लापता हुई प्रज्ञा सिंह आखिरकार बेगूसराय में सुरक्षित मिल गईं. प्रज्ञा ने खुद परिवार को फोन कर बताया कि वह मौसी के घर पर हैं. पति मनीष अग्रहरि के साथ यात्रा के दौरान वह अचानक ट्रेन से गायब हो गई थीं. मोबाइल की आखिरी लोकेशन लक्सर रेलवे ट्रैक के पास मिली थी. पुलिस जांच में पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई है.

Advertisement
X
चलती ट्रेन से गायब प्रज्ञा सिंह ने खुद घर वालों को फोन करके अपने बारे में जानकारी दी  (Photo ITG)
चलती ट्रेन से गायब प्रज्ञा सिंह ने खुद घर वालों को फोन करके अपने बारे में जानकारी दी (Photo ITG)

केदारनाथ यात्रा से लौट रही 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह के रहस्यमय तरीके से ट्रेन से गायब होने का मामला आखिरकार सुलझ गया. कई दिनों तक परिवार, पुलिस और सोशल मीडिया पर चर्चा में रही प्रज्ञा सुरक्षित मिल गई हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रज्ञा को लेकर परिवार किसी अनहोनी की आशंका जता रहा था, उसने खुद फोन कर बताया मैं मौसी के यहां हूं. इस एक फोन कॉल ने उस केस की पूरी कहानी बदल दी, जिसने यूपी और उत्तराखंड पुलिस को परेशान किया था. 

प्रज्ञा सिंह के भाई के मुताबिक, बेगूसराय में उनकी मौसी रहती हैं. वहीं से प्रज्ञा ने परिवार को फोन कर अपनी लोकेशन बताई. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और प्रज्ञा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. फिलहाल पुलिस ने उन्हें अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. परिवार को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि परिजन पहले दिल्ली में थे, लेकिन सूचना मिलने के बाद लक्सर कोतवाली पहुंचे. अब परिवार प्रज्ञा को अपने साथ वापस ले जाएगा.

ट्रेन से अचानक गायब हुई थी प्रज्ञा

पूरा मामला कानपुर के नौबस्ता निवासी, हाल निवासी ग्रेटर नोएडा, मनीष अग्रहरि और उनकी पत्नी प्रज्ञा सिंह से जुड़ा है. दोनों केदारनाथ धाम की यात्रा कर लौट रहे थे. परिवार के मुताबिक दर्शन के बाद दोनों देहरादून पहुंचे और वहां से महानंदा एक्सप्रेस में सवार होकर घर लौट रहे थे. यात्रा लंबी थी और दोनों थके हुए थे. प्रज्ञा अपर सीट पर थी और मनीष की नीचे वाली सीट थी. दोनों अपनी अपनी सीट पर सोए थे. पति मनीष अग्रहरि के मुताबिक जब उनकी आंख खुली तो पत्नी सीट पर नहीं थीं. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद वह वॉशरूम गई होंगी. उन्होंने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी प्रज्ञा वापस नहीं लौटीं. इसके बाद मनीष की बेचैनी बढ़ गई. वह ट्रेन के एक-एक डिब्बे में पत्नी को तलाशने लगे. यात्रियों से पूछा, रेलवे स्टाफ से जानकारी ली, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. कुछ ही देर में ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया.

Advertisement

मोबाइल की आखिरी लोकेशन ने बढ़ाया था सस्पेंस

मामला तब और रहस्यमय हो गया जब प्रज्ञा के मोबाइल की आखिरी लोकेशन सामने आई. परिवार के मुताबिक फोन की लोकेशन लक्सर के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली थी. इसके बाद मोबाइल बंद हो गया. यही वजह थी कि परिवार किसी बड़े हादसे की आशंका से डरा हुआ था. मनीष अग्रहरि तुरंत लक्सर पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी. लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. इसके बाद उत्तराखंड पुलिस, रेलवे पुलिस और कई एजेंसियां हरकत में आ गईं. रेलवे ट्रैक से लेकर स्टेशनों तक तलाशी अभियान चलाया गया. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने लगे. लेकिन जांच के दौरान पुलिस को एक बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कई कैमरे खराब थे, जिससे प्रज्ञा की मूवमेंट ट्रैक करने में परेशानी हुई.

मेरी दुनिया उजड़ गई…

पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति मनीष अग्रहरि पूरी तरह टूट चुके थे. उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और डीजीपी से पत्नी को सुरक्षित ढूंढने की अपील की थी. मनीष ने कहा था, पुलिस मेहनत कर रही है, लेकिन समझ नहीं आ रहा वो कहां होगी और किस हालत में होगी. हर मिनट डर लग रहा है.  परिवार भी लगातार यही कह रहा था कि प्रज्ञा कभी अकेले कहीं नहीं जाती थीं. ऐसे में उनका बिना बताए ट्रेन से उतर जाना हर किसी को हैरान कर रहा था.

Advertisement

फिर आया वो फोन…

इसी बीच अचानक परिवार के पास एक फोन कॉल आया. दूसरी तरफ प्रज्ञा थीं. उन्होंने बताया कि वह बेगूसराय में अपनी मौसी के यहां हैं. यह सुनते ही परिवार और पुलिस दोनों ने राहत की सांस ली. सूचना मिलते ही पुलिस ने बेगूसराय से संपर्क किया और प्रज्ञा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. अब इस पूरे मामले में जो शुरुआती जानकारी सामने आई है, उसने कहानी को नया मोड़ दे दिया है.

पति-पत्नी के विवाद की बात आई सामने

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रज्ञा अपने पति से नाराज थीं. इसी नाराजगी के चलते वह ट्रेन से चली गई थीं. पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि पूरा मामला क्या था, इसे लेकर अभी पूछताछ जारी है. एसपी देहात ने बताया कि प्रज्ञा का स्टेटमेंट लिया जा रहा है. सभी तथ्यों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement