आंध्र प्रदेश के भोगापुरम में देश के एक नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन था. कार्यक्रम में जब मंच पर पीएम मोदी मौजूद थे, तब एनडीए के सहयोगियों का ध्यान सिर्फ विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहा. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की. चंद्रबाबू नायडू ने तो जनता से लगातार 'मोदी-मोदी' के नारे लगवाए. उन्होंने पूरे देश से अपील की कि पीएम मोदी के नेतृत्व को संभालकर रखने की जरूरत है. दिल्ली और देश के अलग-अलग हिस्सों में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद, पीएम मोदी का यह पहला आंध्र प्रदेश दौरा था.
इस दौरान, पवन कल्याण मंच से बोलते हुए काफी भावुक नजर आए. दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए पवन कल्याण ने कहा कि पीएम मोदी तीसरी बार देश की कमान संभाल रहे हैं. जंतर-मंतर पर कुछ लोगों ने उनके लिए बेहद कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसे सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जो इंसान दिन-रात देश की सेवा में लगा है, उसे रिटर्न में यही मिलना चाहिए? पवन कल्याण ने युवाओं को सलाह दी कि उन्हें पीएम मोदी के संघर्षों को समझना चाहिए. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के बाहर के दुश्मनों से भी लड़ रहे हैं और अंदर की चुनौतियों का भी सामना कर रहे हैं.
राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी डबल इंजन सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि सुंदरबन से लेकर श्रीहरिकोटा तक सरकार रॉकेट की स्पीड से काम कर रही है. नारा लोकेश ने आगे कहा कि वे 2029 में भी नरेंद्र मोदी को ही देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं.
'नरेंद्र मोदी के बिना 2047 का विकसित भारत मुमकिन नहीं'
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के भाषण का बड़ा हिस्सा पीएम मोदी की तारीफ के नाम रहा. उन्होंने जनता से खुलकर अपील की कि पूरे देश को प्रधानमंत्री के नेतृत्व का साथ देना चाहिए. विरोध प्रदर्शनों का सीधा नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, उन्हें समझना होगा कि पहले मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर पिछले 25 सालों में उन्होंने देश के लिए क्या-क्या किया है. चंद्रबाबू नायडू ने आगे कहा कि पीएम मोदी के बिना 2047 के विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता. उनके नेतृत्व में ही भारत दुनिया का नंबर एक देश बन पाएगा.
दुनिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वक्त IT से AI की तरफ बदल चुका है. आज कई बड़े लोकतांत्रिक देश सही नेता की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि भारत भाग्यशाली है कि उसके पास नरेंद्र मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व मौजूद है. वे पहले मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश को आगे बढ़ा रहे हैं, इसलिए सत्ता या नेतृत्व बदलने की गलती कतई नहीं करनी चाहिए.