उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल युवक की हैवानियत सामने आई है. जहां अपने चाचा के शादी समारोह से देर रात घर जा रही 17 वर्षीय किशोरी को गांव का ही एक युवक एकतरफा प्यार में उसे जबरन खींच ले गया. आरोप है कि युवक ने पहले किशोरी को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा और शादी का दबाव बनाया. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ हैवानियत करते हुए उसके नाजुक अंगों को अपने मुंह से बेरहमी से काट डाला और लहूलुहान हालत में उसे मौके पर छोड़कर भाग निकला.
घटना के बाद किशोरी किसी तरह घायल हालत में घर पहुंची. जिसके बाद उसके परिजन पुलिस के पास लेकर पहुंचे. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामूली मारपीट में मुकदमा दर्ज करके किशोरी का मेडिकल भी करा दिया. वहीं कोई कार्रवाई न होती देखकर परिजनों ने जब किशोरी के नाजुक अंगों के साथ हैवानियत का मामला उजागर किया तो पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए. फिलहाल पुलिस ने किशोरी को दोबारा मेडिकल के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाकर उसे हिरासत में लेने का दावा किया है.
11 मई की है घटना
किशोरी के साथ हैवानियत का यह मामला बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है. जानकारी के मुताबिक पीड़िता के चाचा की शादी थी. शादी से होने वाले पहले के कार्यक्रमों में किशोरी अपनी मां के साथ 11 मई को गयी थी. परिवार के लोग शादी समारोह में मौजूद थे. तभी किशोरी की मां ने उसे घर भेजा और कहा कि जाकर देखो की बच्चे घर में सो रहे हैं की नहीं. किशोरी देर रात जब अपने घर जा रही थी, तभी गांव के ही अतुल नामक युवक ने किशोरी को जबरन पकड़ लिया और सुनसान स्थान पर खींच ले गया. पीड़िता और उसकी मां के मुताबिक आरोपी युवक काफी समय से लड़की पर बात करने और शादी करने का दबाव बना रहा था.
जब किशोरी ने उससे संबंध रखने से इनकार किया तो आरोपी ने उसे डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा. आरोप है कि युवक ने किशोरी को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ दरिंदगी की और उसके नाजुक अंगों को मुंह से काट डाला. घटना के बाद किशोरी बेहोश हो गई. होश आने पर वह किसी तरह घर की तरफ पहुंची और दरवाजे पर गिर पड़ी. परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने मामूली मारपीट का मामला दर्ज करके किशोरी का मेडिकल भी करा दिया. मेडिकल में नाजुक अंगों से बेरहमी का कोई उल्लेख ही नहीं किया गया.
मेडिकल रिपोर्ट में 6 जगह है चोटों का जिक्र
पीड़िता की मां का आरोप है कि वे लोग ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं और उन्हें यह भी ठीक से नहीं पता कि पुलिस ने तहरीर में क्या लिखा. जब आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई उसके बाद परिजनों ने मीडिया को नाजुक अंगों के साथ बेरहमी किए जाने की जानकारी दी. मीडिया में खबरें आने के बाद पुलिस एक्शन में आई और जांच शुरू की. साथ ही पुलिस ने दोबारा मुकदमा दर्ज कराया. जिसमें डॉक्टरों ने शरीर पर छह चोटों का जिक्र किया.
हालांकि बाद में मामले में गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने किशोरी को दोबारा मेडिकल के लिए भेजा और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाकर उसे हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में नए मेडिकल के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढाकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हरियावा सीओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.