गोरखपुर के हरदिया पिछौरा गांव में आज उस समय चीख-पुकार मच गई, जब गांव के दो बेटों, अनीस साहनी और सुनील साहनी के शव एंबुलेंस से घर पहुंचे. दोनों भाइयों की महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में गला रेतकर हत्या कर दी गई है. इस मामले में चाचा का बयान और मृतक की पत्नी के आरोपों ने पुलिस के लिए जांच को पेचीदा बना दिया है.
घटना के समय साथ मौजूद रहे चाचा ने बताया कि वे सभी मालेगांव में पेंट-पॉलिश का काम करते थे. चाचा के अनुसार, मोहम्मद रजा और उसके एक साथी ने बकरा काटने वाले चाकू से दोनों भाइयों पर हमला किया.
चाचा का दावा है कि उन्होंने जान बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. चाचा ने ही महाराष्ट्र में केस दर्ज कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर गांव पहुंचे.
पत्नी और मां का गंभीर आरोप
इधर, गांव पहुंचते ही मृतक अनीस की पत्नी खुश्बू और उसकी मां ने चाचा पर ही हत्या की साजिश का आरोप लगा दिया है. पत्नी का कहना है कि जब से दोनों भाई काम करने नासिक गए थे, चाचा उनसे बहुत ईर्ष्या करने लगे थे. परिजनों का सीधा आरोप है कि चाचा ने ही किसी रंजिश या जलन के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया है.
परिवार में छाई तबाही
मृतक भाइयों के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है. बड़ा भाई अनीस शादीशुदा था, जिसका एक छोटा बेटा है और उसकी पत्नी खुश्बू वर्तमान में गर्भवती है.
घर में अब सिर्फ बुजुर्ग मां, गर्भवती पत्नी और एक बहन रह गई है. परिवार की रोजी-रोटी का सहारा छीन जाने से पूरे गांव में गम का माहौल है. देखें VIDEO:-
उधर, चाचा की तहरीर पर महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद अब जांच के घेरे में चाचा भी आ गए हैं. शवों का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया गया है.