scorecardresearch
 

आधी रात को गूंजी गोलियां: गाजियाबाद में हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद, भतीजी के बर्थडे से लौट रहे युवक को बीच सड़क मार दी गोली

लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में हॉर्न बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया. 23 वर्षीय विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह भतीजी के जन्मदिन समारोह से रिश्तेदारों को छोड़कर घर लौट रहा था. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी के पिता और पत्नी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या. (File Photo: ITG)
मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या. (File Photo: ITG)

गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. हॉर्न बजाने को लेकर हुई कहासुनी में 23 वर्षीय युवक विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जिस परिवार में कुछ घंटे पहले भतीजी का जन्मदिन खुशी-खुशी मनाया जा रहा था, वहीं कुछ ही देर बाद मातम पसर गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.

मृतक विपिन रतिराम कॉलोनी का रहने वाला था. वह शनिवार देर रात अपनी भतीजी के जन्मदिन समारोह में शामिल रिश्तेदारों को बाइक से छोड़कर वापस घर लौट रहा था. परिजनों का आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के ही रहने वाले सोनू पुत्र ब्रह्मपाल ने उसे अपने घर के बाहर रोक लिया. इसी दौरान बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

परिजनों के मुताबिक पहली गोली विपिन के भाई के हाथ में लगी. गोली लगने से उसके हाथ में रखा मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद चली दूसरी गोली विपिन के पेट में लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक के पेट में लगी गोली

विपिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में कुछ समय पहले जन्मदिन की खुशियां थीं, वहां रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि इतना छोटा सा विवाद एक युवक की जान ले लेगा.

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात में सिर्फ सोनू ही शामिल नहीं था, बल्कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे. उनका कहना है कि घटना की पूरी साजिश की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसका पिता आपराधिक प्रवृत्ति के हैं. उनका कहना है कि घटना के बाद उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं. परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना लोनी बॉर्डर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की पड़ताल शुरू की. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए.

Advertisement

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि रतिराम कॉलोनी में विपिन नामक युवक को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में सामने आया कि विपिन बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान उसकी सोनू से कहासुनी हुई और आरोपी ने गोली चला दी. गोली विपिन के पेट में लगी. घायल अवस्था में उसे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि नामजद अभियुक्तों में मुख्य आरोपी सोनू के पिता और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं.

पुलिस ने महिला समेत तीन को अरेस्ट किया

फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. एक मामूली विवाद में हुई इस हत्या ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement