गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बॉडी बनाने के चक्कर में एक युवक की जिंदगी पर गंभीर असर पड़ने का मामला सामने आया है. पीड़ित कमलकांत त्यागी उर्फ विक्की ने आरोप लगाया है कि जिम ट्रेनर ने उसे गलत तरीके से स्टेरॉयड और खतरनाक इंजेक्शन दिए, जिससे उसका कूल्हा खराब हो गया.
मामले में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के रहने वाले कमलकांत त्यागी का कहना है कि वह एएसआर फिटनेस जिम में योग और वर्कआउट करने जाता था. इसी दौरान जिम संचालक गुलजार खान ने उसे कम समय में बॉडी बनाने का लालच दिया और स्टेरॉयड व अन्य दवाइयों का सेवन करने की सलाह दी. पीड़ित का आरोप है कि ट्रेनर ने उसे कई इंजेक्शन भी लगाए और इसके बदले करीब 80 हजार रुपये वसूले. इसमें कुछ भुगतान यूपीआई के जरिए और बाकी नकद लिया गया.
स्टेरॉयड इंजेक्शन से बिगड़ी तबीयत
पीड़ित के अनुसार, इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद उसके शरीर में गंभीर दुष्प्रभाव शुरू हो गए. उसे लगातार दर्द रहने लगा और चलने-फिरने के साथ बैठने में भी परेशानी होने लगी. हालत बिगड़ने पर वह डॉक्टर के पास पहुंचा, जहां एमआरआई जांच में उसके कूल्हे की हड्डी गंभीर रूप से खराब होने की बात सामने आई. इस रिपोर्ट के बाद पीड़ित को बड़ा झटका लगा.
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉक्टरों ने स्टेरॉयड और इंजेक्शन को नुकसानदायक बताया है. इसके बाद उसने इंदिरापुरम थाने में जिम ट्रेनर के खिलाफ लिखित शिकायत दी. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डॉक्टरों ने स्टेरॉयड को बताया खतरनाक
पीड़ित कमलकांत त्यागी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. इस पूरे मामले में फिटनेस इंडस्ट्री को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड और सप्लीमेंट का उपयोग कितना खतरनाक हो सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे पदार्थ शरीर पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकते हैं और स्थायी नुकसान पहुंचा सकते हैं.