उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार देर शाम बारिश के कारण कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया. इस दुखद हादसे में मलबे में दबकर पिता इस्लामुद्दीन समेत उनके पांच बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. इसके बाद घटनास्थल पर अधिकारियों और नेताओं का जमावड़ा लग गया. इन्हीं में बीजेपी नेता और मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी शामिल थे. लेकिन उन्होंने दुखभरी घड़ी में ऐसा बयान दे दिया जिसने कई सवाल खड़े कर दिए.
मलबे में दबा परिवार, राहत कार्य शुरू
आपको बता दें कि हबीबपुर गांव में रविवार देर शाम बारिश के चलते एक कच्चा घर अचानक गिर गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया. इस हादसे में 52 वर्षीय पिता इस्लामुद्दीन, 8 माह के बेटे जीशान, 2 साल के आहद, 5 साल की बेटी अल्शिफ़ा और 12 साल की रुकसार की मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल बेटियों रुकैया और सुमैया को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया.
घायलों का हाल जानने पहुंचे मंत्री
हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल घायलों का हाल-चाल जानने के लिए मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों को बच्चियों के समुचित इलाज के तत्काल निर्देश दिए. मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी तथा एसएसपी को मौके पर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी और प्रशासन इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ा है.
मंत्री का बयान और जनसंख्या पर टिप्पणी
जिला अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने हादसे पर विवादित बयान दे दिया. उन्होंने संवेदना व्यक्त करने के साथ ही बढ़ती आबादी का जिक्र किया. मंत्री ने कहा कि जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और पक्के मकान मिलने के बाद नया परिवार खड़ा हो जाता है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार में नौ बच्चे हैं और सरकार की भी अपनी सीमाएं होती हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रधानमंत्री की योजना के तहत सभी को पक्का मकान देने का प्रयास जारी है.