उत्तर प्रदेश के एटा में एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है. इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार, खाली शराब की बोतलें और जहरीले स्प्रे की डिब्बी भी बरामद की है.
एटा में पत्नी-प्रेमी की साजिश बेनकाब
यह घटना जैथरा थाना क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अहरई गांव से बंधा रोड पर शराब के ठेके के सामने गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी हेमंत (45) के रूप में हुई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक की पत्नी और उसके परिचितों पर शक हुआ. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की गई.
जहरीले स्प्रे से पति की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले. इसके आधार पर 16 फरवरी को एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार, तीन खाली शराब की बोतलें और जहरीले स्प्रे की डिब्बी बरामद की है.
पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. आरोपियों ने मृतक को शादी में ले जाने के बहाने कार में बैठाया और रास्ते में शराब पिलाई. जब वह नशे में हो गया तो आरोपियों ने जहरीले स्प्रे का इस्तेमाल कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को कार में रखकर शादी समारोह में शामिल हुए और लौटते समय जैथरा क्षेत्र के गेहूं के खेत में शव फेंककर फरार हो गए.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.