भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गोरखपुर में सीएम योगी ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की हर प्रतिमा पर सरकार छत्र लगाएगी और वहां पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा. वहीं, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सालार मसूद गाजी को 'माफिया' और 'खलनायक' बताने के बाद एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने उन पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. शौकत अली का दावा है कि अगर गाजी आक्रांता होते, तो हिंदू भाइयों की उनके प्रति आस्था न होती. साथ ही उन्होंने राजा सुहेलदेव के योगदान पर भी सवाल उठाए.
इतिहास के नायकों पर सियासी घमासान
सीएम योगी ने महाराजा सुहेलदेव को राष्ट्र नायक और सालार मसूद गाजी को माफिया बताया था. इस पर शौकत अली ने कहा कि मुख्यमंत्री गलत इतिहास बता रहे हैं. शौकत अली के अनुसार, राजा सुहेलदेव का भारत की आजादी या निर्माण में कोई योगदान नहीं था. उन्होंने तर्क दिया कि सालार मसूद गाजी के प्रति बड़ी संख्या में मुसलमानों के साथ-साथ हिंदुओं की भी आस्था है, जो साबित करता है कि वे लुटेरे नहीं थे.
अंबेडकर प्रतिमाओं पर लगेगा 'छत्र'
14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर सरकार ने एक बड़ा सामाजिक न्याय का कार्यक्रम तय किया है. सीएम ने घोषणा की है कि प्रदेश भर में जहां भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं लगी हैं, वहां सरकार ऊपर छत्र लगाएगी. इसके साथ ही उन स्थानों पर बाउंड्री वाल का निर्माण और पार्कों के सुंदरीकरण का काम भी सरकार अपने हाथ में ले रही है. भाजपा कार्यकर्ता 13 अप्रैल को बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे.
सामाजिक न्याय और स्वच्छता का संदेश
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे 14 अप्रैल को बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करें. सरकार का लक्ष्य है कि संविधान शिल्पी के सम्मान में इन स्थलों को बेहतर बनाया जाए. मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक न्याय की स्थापना की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है. अब देखना यह है कि इतिहास के इन पात्रों को लेकर शुरू हुई यह नई बहस आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेती है.