scorecardresearch
 

झांसी: हादसा या साजिश? शादी के 14वें दिन छत से गिरी दुल्हन, पति की 'मजाक' वाली थ्योरी पर गहराया शक

झांसी के मिशन कंपाउंड में 28 अप्रैल को ब्याह कर आई प्रियंका मिश्रा की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर 10 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत तीन को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है.

Advertisement
X
मृतका प्रियंका मिश्रा के परिजनों ने पति, सास और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप (Photo- ITG)
मृतका प्रियंका मिश्रा के परिजनों ने पति, सास और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप (Photo- ITG)

गोरखपुर की रहने वाली 30 वर्षीय प्रियंका मिश्रा की झांसी के मिशन कंपाउंड स्थित ससुराल में शादी के महज 14वें दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सोमवार शाम करीब 4:30 बजे प्रियंका दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिसके बाद अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया. पति शुभम का दावा है कि प्रियंका मुंडेर पर पैर लटकाकर मजाक कर रही थी और संतुलन बिगड़ने से गिर गई. हालांकि, मृतका के परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश और दहेज हत्या करार दिया है. अब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पति, सास और ससुर को हिरासत में ले लिया है.

मैरिज वेबसाइट से हुई थी मुलाकात

जानकारी के मुताबिक, प्रियंका और शुभम का रिश्ता एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट के जरिए तय हुआ था. करीब डेढ़ साल पहले हुई इस मुलाकात के बाद दोनों परिवारों की सहमति से 28 अप्रैल को धूमधाम से शादी संपन्न हुई थी. प्रियंका काफी शिक्षित थी, उसने अंग्रेजी में डबल एमए और बीएड किया था, वहीं शुभम ने बीएएमएस की पढ़ाई की थी. शादी के बाद 2 मई को रिसेप्शन हुआ और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन सोमवार को सुहागिनों के खाने के कार्यक्रम के दौरान यह खौफनाक घटना घट गई.

पति की थ्योरी पर उठ रहे सवाल

घटना के वक्त पति शुभम प्रियंका के साथ छत पर मौजूद था. शुभम का कहना है कि वे दोनों बातचीत कर रहे थे और प्रियंका मजाक में रेलिंग पर पैर लटकाकर बैठ गई. मना करने के बावजूद वह नहीं मानी और नीचे गिर गई. हालांकि, शुभम इस बात का जवाब नहीं दे पाया कि भीषण गर्मी में वे दोनों छत पर क्यों गए थे. पुलिस अब इस पहलू की बारीकी से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा था या कोई विवाद.

Advertisement

मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

प्रियंका की मौत की खबर मिलते ही गोरखपुर से आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. भाई रत्नेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष सोने के गहने, 10 लाख रुपये नकद और चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहा था. मांग पूरी न होने पर प्रियंका को प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों का कहना है कि प्रियंका बेहद समझदार थी और वह कभी इस तरह की खतरनाक हरकत नहीं कर सकती. उन्हें अंदेशा है कि उसे साजिश के तहत छत पर ले जाकर धक्का दिया गया.

अंतिम कॉल और पुलिस की कार्रवाई

घटना से महज 20 मिनट पहले प्रियंका ने अपनी मां को फोन किया था, लेकिन बात नहीं हो सकी. परिजनों का मानना है कि वह कोई जरूरी बात बताना चाहती थी. एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, मायके पक्ष की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है ताकि मौत की असल वजह सामने आ सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement