scorecardresearch
 

बिजनौर में 'हमजा' बने विशाल की घर वापसी: वसीम पर शादी का लालच देकर कश्मीर में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, मंदिर में हुआ शुद्धिकरण

बिजनौर के बाखपुर गढ़ी गांव के नाबालिग विशाल का युवती के पिता वसीम ने कथित तौर पर डराकर और शादी का लालच देकर कश्मीर में धर्म परिवर्तन कराया, जहां उसका नाम 'हमजा' रखा गया. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विशाल को बरामद कर आरोपी वसीम को हिरासत में लिया. इसके बाद शिव मंदिर में मंत्रोच्चारण के साथ विशाल का शुद्धिकरण कर उसकी घर वापसी कराई गई.

Advertisement
X
बिजनौर के विशाल का कश्मीर में हुआ धर्म परिवर्तन (Photo- ITG)
बिजनौर के विशाल का कश्मीर में हुआ धर्म परिवर्तन (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नाबालिग युवक के कथित धर्म परिवर्तन का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. बाखपुर गढ़ी गांव में उस समय बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जब कश्मीर में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर 'हमजा' बने विशाल की घर वापसी कराई गई. गांव के शिव मंदिर में विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ युवक का शुद्धिकरण कराया गया.

जानकारी के अनुसार, नाबालिग विशाल का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोप है कि युवती के पिता वसीम ने शादी का लालच देकर और डराकर विशाल का धर्म परिवर्तन कराया. बताया जा रहा है कि विशाल को कश्मीर ले जाया गया, जहां कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और उसका नाम 'हमजा' रखा गया.

मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशाल को सकुशल बरामद कर लिया और उसे उसके माता-पिता की सुपुर्दगी में दे दिया. इसके बाद गांव में युवक की घर वापसी को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया.

गांव के शिव मंदिर में आयोजित शुद्धिकरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ढोल-नगाड़ों की गूंज और धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच विशाल का शुद्धिकरण कराया गया. कार्यक्रम के दौरान गांव में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बिजनौर के नाबालिग का कश्मीर में धर्म परिवर्तन: नौकरी के बहाने ले जाकर विशाल को बनाया 'हमजा', यूपी से J&K तक पुलिस जांच शुरू

इस मौके पर भाजपा नेता मौसम चौधरी भी गांव पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का जबरन धर्म परिवर्तन कराना गलत है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

पुलिस ने आरोपी वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. धर्म परिवर्तन में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement