उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नाबालिग विशाल को काजीवाला (काजीपाड़ा) निवासी वसीम नामक व्यक्ति सैलून में नौकरी दिलाने के बहाने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा ले गया था. वहां कथित तौर पर बहला-फुसलाकर नाबालिग का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया. इस घटना का खुलासा सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद हुआ, जिसमें विशाल एक मस्जिद के भीतर धर्म परिवर्तन की रस्म पूरा करते हुए 'हमजा' नाम अपनाता दिख रहा है. पीड़ित परिवार की शिकायत पर यूपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामला दर्ज कर संयुक्त तफ्तीश शुरू कर दी है.
भरोसा जीतकर कुपवाड़ा ले गया था आरोपी
पीड़ित नाबालिग के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि वसीम का परिवार के साथ पुराना पेशेवर संबंध था, जिसका फायदा उठाकर उसने उनका भरोसा जीता. करीब तीन-चार साल पहले वसीम सैलून का काम सिखाने के बहाने विशाल को अपने साथ जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा ले गया था. शुरुआत में परिवार को कोई शक नहीं हुआ क्योंकि वसीम उनके घर आता-जाता रहता था और आर्थिक मदद भी करता था. लेकिन हाल ही में एक अज्ञात नंबर से कॉल आई कि लड़के ने इस्लाम अपना लिया है और हैंडलर्स ने मैसेज भेजा कि अब लड़के को भूल जाओ.
माता-पिता पहुंचे बीजेपी नेता के द्वार
घटना का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गईं. पीड़ित परिवार अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर स्थानीय बीजेपी नेता ऐश्वर्या चौधरी के आवास पर पहुंचा. वहां बीजेपी नेता के प्रयासों से पीड़ित माता-पिता की विशाल से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई गई, जिसे देख मां-बाप बेहद भावुक हो गए और रो पड़े. बीजेपी नेता ऐश्वर्या चौधरी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि विशाल की सकुशल घर वापसी के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे.
आरोपी की मां ने दावों को नकारा
दूसरी तरफ, बिजनौर में आरोपी वसीम की मां मोहम्मदी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि उनके बच्चे पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह गलत और झूठे हैं. मोहम्मदी ने दावा किया कि वह अपने बेटे वसीम के साथ लगातार संपर्क में हैं और विशाल पिछले ढाई साल से उनके बेटे के साथ नहीं रह रहा था. हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि विशाल अभी पूरी तरह नाबालिग है और उनके पास उसकी उम्र साबित करने के लिए हाईस्कूल की मार्कशीट सहित अन्य जरूरी कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं.
यूपी और कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस संवेदनशील मामले पर जम्मू-कश्मीर की कुपवाड़ा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एफआईआर संख्या 133/2026 दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है. पुलिस पिता की शिकायत के आधार पर वसीम की भूमिका की जांच कर रही है. वहीं, बिजनौर की कोतवाली नगर पुलिस ने भी वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर J&K पुलिस से संपर्क साधा है ताकि लड़के की कस्टडी ली जा सके. पुलिस ने जनता से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है. इस घटना को लेकर स्थानीय हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है.